
*पुलिस अधीक्षक देवरिया द्वारा 20 नई स्कॉर्पियो पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना*
देवरिया उत्तर प्रदेश से राजेश कुमार यादव की खास रिपोर्ट

जनपद देवरिया की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन द्वारा आज पुलिस लाइन देवरिया से 20 नई स्कॉर्पियो पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
मुख्यालय से प्राप्त इन अत्याधुनिक स्कॉर्पियो पीआरवी वाहनों से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इन वाहनों में आधुनिक संचार उपकरण, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इन नई गाड़ियों के संचालन से अपराध नियंत्रण, गश्त व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं आम जनता को पुलिस सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया और अधिक तीव्र एवं प्रभावी होगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन ने बताया कि “इन 20 नई पीआरवी वाहनों के शामिल होने से जनपद में अपराधियों पर नियंत्रण और जनता की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। पुलिस अब घटनास्थल पर और तेजी से पहुंच सकेगी, जिससे अपराध की रोकथाम में सहायता मिलेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनता के प्रति त्वरित, संवेदनशील और पारदर्शी सेवा देना है।
इन नई पीआरवी वाहनों के माध्यम से जनपद देवरिया की पुलिस व्यवस्था को नई ऊर्जा एवं दिशा प्राप्त होगी। इससे अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत होगा।
इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक विजय राज सिंह उ0नि0 परिवहन शाखा 112 राकेश सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी पीआरवी टीमों को सतर्कता, शालीनता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।


