ताज़ा ख़बरें

हेल्थ एटीएम मशीन पिछले लगभग एक वर्ष से खराब

एटीएम मशीन से रक्तचाप,शुगर,हीमोग्लोबिन,ऑक्सीजन स्तर,शरीर का तापमान,वजन जांच से लोग वांछित

जमानियां (गाजीपुर) स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में लाखों रुपये की लागत से स्थापित हेल्थ एटीएम मशीन पिछले लगभग एक वर्ष से खराब पड़ी है। इसके कारण मरीज आधुनिक जांच सुविधाओं से वंचित हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की अनदेखी और तकनीकी समस्याओं के कारण यह अत्याधुनिक मशीन बंद पड़ी है। मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी अनिल, गोरख, सोनू, सुजित, मुन्ना और ब्रह्मानंद ने बताया कि इस हेल्थ एटीएम मशीन से रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन, ऑक्सीजन स्तर, शरीर का तापमान, वजन और बीएमआई सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें कुछ ही मिनटों में की जा सकती थीं। यह मशीन मरीजों को डिजिटल रिपोर्ट भी उपलब्ध कराती थी, जिससे उन्हें बार-बार जांच केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते थे।

मशीन बंद होने के कारण सीएचसी आने वाले मरीजों को अब निजी पैथोलॉजी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे उनके समय और धन दोनों का अतिरिक्त खर्च हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन उचित रखरखाव और निगरानी के अभाव में ऐसी महत्वपूर्ण मशीनें केवल शोपीस बनकर रह जाती हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मशीन को जल्द ठीक कराकर पुनः संचालित करने की मांग की है।

सीएचसी में तैनात टेक्नीशियन शैलेश कुशवाहा ने बताया कि मशीन तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि मशीन की मरम्मत के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!