ताज़ा ख़बरें

ऑपरेशन वज्रपात: गाजीपुर में 49 गैंगों पर पुलिस का बड़ा प्रहार

401 सदस्य चिन्हित

गाजीपुर। जिले में अपराध और गैंग संस्कृति पर लगाम लगाने के लिए गाजीपुर पुलिस ने 1 जून से 5 जून तक विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्रपात’ चलाया। इस दौरान पुलिस ने जिले में सक्रिय 49 आपराधिक गिरोहों की पहचान की, जिनसे जुड़े कुल 401 सदस्यों को चिन्हित किया गया है।

पुलिस के अनुसार, चिन्हित गैंगों में कटरा गैंग, महाकाल गैंग, 315 गैंग और फरसा गैंग समेत कई अन्य गिरोह शामिल हैं। जांच में सामने आया कि ये गिरोह युवाओं को अपने साथ जोड़कर विभिन्न क्षेत्रों में दबदबा कायम करने का प्रयास कर रहे थे। गिरोह के सदस्य समूह बनाकर बाइक रैलियां निकालते, लोगों को डराने-धमकाने तथा स्थानीय विवादों में हस्तक्षेप कर दहशत फैलाने का काम करते थे।

पुलिस ने यह भी पाया कि कई गैंग सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रहे थे। उनके सदस्य अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर फेसबुक, इंस्टाग्राम व अन्य प्लेटफॉर्म पर अपनी आपराधिक छवि को बढ़ावा दे रहे थे। रील्स और लाइव वीडियो के जरिए युवाओं को प्रभावित करने की भी कोशिश की जा रही थी।

पांच दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थानों में 39 मुकदमे दर्ज किए तथा 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा कई गैंग सरगनाओं और सदस्यों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में गैंग संस्कृति और सोशल मीडिया पर अपराध के महिमामंडन को रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नए गिरोहों और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!