

मृतक की पहचान चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के कठौड़ी निवासी ओमप्रकाश जायसवाल (58 वर्ष) पुत्र नारायण जायसवाल के रूप में हुई है। ओमप्रकाश अपनी पत्नी विजय लक्ष्मी, ससुर हेमचंद जायसवाल और सास गिरजा देवी के साथ जमानियां स्थित रिश्तेदार प्रमोद जायसवाल के यहां आए थे। गुरुवार को रिश्तेदारी में आने के बाद आज शुक्रवार को सुबह वे अपने घर वापस लौटने के लिए स्टेशन पहुंचे थे।
ओमप्रकाश ने टिकट काउंटर से टिकट खरीदे। उन्होंने अपने परिजनों को सिढ़ीओवर ब्रिज के रास्ते प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए कहा, लेकिन वह स्वयं रेलवे ट्रैक पार कर अप प्लेटफॉर्म पर पहुंचने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान सुबह करीब 5:10 बजे दानापुर से पुणे जा रही 01144 स्पेशल ट्रेन तेज गति से स्टेशन से गुजरी और ओमप्रकाश उसकी चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जमानियां पोस्ट पर तैनात आरपीएफ जवान अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल जीआरपी को घटना से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक ओमप्रकाश ने अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियों और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। बताया गया है कि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद वहां उपस्थित स्टेशन परिसर में परिजनों का दुखद स्थिति रही।

