
कटनी। विवाह के कई वर्ष बीत जाने के बाद भी पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण दोनों के बीच हुए विवाद के बाद पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। पति ने पत्नी के ऊपर कुल्हाड़ी से गर्दन और सिर में गहरे घाव किए जिसके चलते उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मृतिका के शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
प्रकरण के संबंध में जानकारी देते हुए बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि थाना क्षेत्र के खितौली चौकी के ग्राम कुआं निवासी 35 वर्षीय सरमन भूमिया अपनी पत्नी उर्मिला भूमिया के चरित्र पर संदेह करता था। चरित्र संदेह के कारण दोनों के बीच काफी समय से मनमुटाव की स्थिति बनी हुई थी। बीती रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहा सुनी हुई। विवाद के बीच सरमन ने अपनी पत्नी उर्मिला के ऊपर आक्रोशित होकर घर में रखी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आक्रोशित पति ने पत्नी के ऊपर कुल्हाड़ी से दनादन वार किया। कुल्हाड़ी से गले में और सिर में महिला के गंभीर चोट आने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए शव को कब्जे में ले लिया है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया है। लेकिन अभी तक इस संबंध में पुलिस के द्वारा कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के कारण संपूर्ण क्षेत्र में सन्नाटे की स्थिति निर्मित है।






