
आरिफ सौदागर, सागर/खुरई। जैन युवा परमार्थ अस्पताल संस्थान द्वारा संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज जी के मोक्ष गमन पर आयोजन कर श्रद्धांजलि दी। सदस्यों ने कहा कि आचार्य श्री जैन समाज के साथ ही राष्ट्र संत थे और मानव कल्याण के लिए आचार्य श्री का अभूतपूर्व योगदान रहा है। इसके लिए युगों तक आचार्य श्री याद किए जाएंगे। ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एड.शाकिर खान सहित वरिष्ठ नेताओं-कार्यकर्ताओं ने संत शिरोमणि आचार्य भगवंत गुरुदेव श्री 108 विद्यासागर महामुनिराज के समतापूर्वक समाधिमरण पर शोक व्यक्त किया है। ब्लाक अध्यक्ष शाकिर खान ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूज्य आचार्य जी तप, ज्ञान, संयम, आराधना और करुणा की प्रतिमूर्ति थे, आचार्य श्री का हमारी पार्टी के नेताओं व शहर वासियों को दर्शन और आशीर्वाद मिलता रहा है। आचार्य श्री इस देश के एक ऐसे संत जो वर्तमान के वर्धमान हैं, आज हमारे बीच नहीं हैं। मैं उनके चरणों में बारंबार नमोस्तु अर्पित करता हूं। वही कांग्रेस नेता संजू दुबे ने कहा कि आचार्य श्री के समतापूर्वक समाधि होने से जैन अनुयायियों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का मन, हृदय बहुत ही विचलित है। परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी से हमारे क्षेत्र के लोगों का लंबा संबंध रहा है, सभी को उनका आशीर्वाद, दिव्य देशना व सानिध्य लंबे समय तक मिला है। आचार्य श्री के चरणों में बारम्बार नमोस्तु अर्पित करता हूं।




