

सेवराई (गाजीपुर ) तहसील क्षेत्र के बारा गांव निवासी मोहम्मद जौहर अली खान ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर सफलता की नई मिसाल कायम की है। असम राइफल्स में सेवाएं दे रहे जौहर अली का चयन विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (एलडीसीई) के माध्यम से वर्ष 2026 में असिस्टेंट कमांडेंट पद के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल में आस पास के लोग घर पहुंच कर बधाई दे रहे हैं l
मोहम्मद जौहर अली खान, अब्दुल हक खान के पुत्र हैं। उनका जन्म 10 अप्रैल 1987 को बारा गांव में हुआ था। उन्होंने वर्ष 2004 में यूपी बोर्ड से हाईस्कूल और वर्ष 2006 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद इन्होंने वर्ष 2011 में स्नातक तथा वर्ष 2014 में परास्नातक की डिग्री हासिल की।
शैक्षणिक जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्हें तीन बार ‘बेस्ट स्टूडेंट’ सम्मान से भी नवाजा गया। वर्ष 2008 में उनका चयन असम राइफल्स में हुआ, जहां उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलता पूर्वक निर्वहन किया सेवा के दौरान उन्होंने विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (LDCE) की तैयारी लगातार जारी रखी और कठिन परिश्रम के बाद असिस्टेंट कमांडेंट पद हासिल करने में सफलता प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) की परीक्षा में भी भाग लिया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जौहर अली की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

