ताज़ा ख़बरें

राजीनामा योग्य प्रकरणों में पक्षकारों की आपसी सहमति व सुलह समझौता

 

नेशनल लोक अदालत का आयोजन

राजीनामा योग्य प्रकरणों में पक्षकारों की आपसी सहमति व सुलह समझौता

बालोद, 13 दिसम्बर 2025

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छग राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार बालोद जिले के सभी न्यायालयों में आज नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिनमें राजीनामा योग्य प्रकरणों में पक्षकारों की आपसी सहमति व सुलह समझौता से निरात किये गये है। प्रकरणों के पक्षकारों की भौतिक तथा वर्चुअल दोनों ही माध्यमों से उनकी उपस्थिति में निराकृत किये जाने के अतिरिक्त स्पेशल सिटिंग के माध्यम से भी पेटी अफेंस के प्रकरणों को निराकृत किया गया। इस सिलसिले में माननीय न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर ने इस संपूर्ण लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु निरंतर प्रयास करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से भी लगातार अधिक से अधिक मामलों को निराकृत किये जाने हेतु प्रेरित किया। इसी तारतम्य में जिला व सत्र न्यायालय बालोद एवं व्यवहार न्यायालय स्तर पर डौण्डीलोहारा, दल्लीराजहरा, गुण्डरदेही में तथा बालोद जिले के राजस्व न्यायालयों में भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्याम लाल नवरत्न बालोद के निर्देशानुसार इस लोक अदालत के लिए बालोद जिले में कुल 25 खण्डपीठ का गठन किया गया। इस लोक अदालत में लंबित सिविल एवं दांडिक प्रकरण, प्री-लिटिगेशन के बैंक, विद्युत, जलकर, बीएसएनएल के तथा राजस्व न्यायालयों की खंडपीठ के समक्ष कुल 62 हजार 518 प्रकरण निराकरण हेतु रखे गये थे, जिसमें 60 हजार 251 प्रकरणों का निराकरण नेशनल लोक अदालत के माध्यम से किया गया। इस लोक अदालत में कुल 5 करोड़ 69 लाख 12 हजार 351 रूपये राशि का अवार्ड पारित किया गया है। इस नेशनल लोक अदालत में आपसी सहमति व सुलह समझौता करने वालों पक्षकारों को प्रोत्साहन स्वरूप पौधा वितरण भी किया गया। नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय परिसर में आये पक्षकारों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और साथ ही बालोद बाजार के द्वारा अपने सामग्री के प्रचार-प्रसार हेतु स्टॉल लगाया गया तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के द्वारा लोक अदालत के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में निर्मित नवीन मुख्य द्वार का उद्घाटन किया गया तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से हितग्राहियों को ट्राईसिकल, श्रवणयंत्र वितरित किया गया एवं महिला बाल विकास की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई का आयोजन भी किया गया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!