
*_दिल्ली के जैन मंदिर से चोरी हुआ कीमती कलश बरामद, 2 कबाड़ी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार_*
*नई दिल्ली से राजेश कुमार यादव की खास रिपोर्ट*
नई दिल्ली : दिल्ली के जैन मंदिर से सोने का कलश चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दानिश नाम के एक कबाड़ डीलर और एक महिला को गिरफ्तार किया है. हालांकि, मुख्य चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.
उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा नें बताया की घटना 11 अक्टूबर की है जब दुर्गापुरी चौक स्थित जैन मंदिर के शीर्ष से कलश चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना के आधार पर ज्योति नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर वेद प्रकाश (एसएचओ/ज्योति नगर) के नेतृत्व में एक टीम को सौंपी गई.
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और तकनीकी निगरानी के जरिये सुराग विकसित किए. इस क्रम में टीम को सूचना मिली कि चोरी किया गया कलश कबाड़ी बाजार में बेचा गया है. इसके बाद पुलिस ने एक महिला कबाड़ी (42) को सुंदर नगरी इलाके से हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने चोरी का सामान अपने पास होने की बात कबूल की. तलाशी में उसके कब्जे से कलश के कुछ हिस्से बरामद किए गए.
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरी छापेमारी की, जिसमें नया मुस्तफाबाद निवासी दानिश (24 वर्ष) पुत्र असलम को गिरफ्तार किया गया. दानिश के कब्जे से कलश के शेष हिस्से बरामद हुए. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी के माल को खरीद-बेच का काम करते हैं और उन्होंने मंदिर से चुराया गया कलश तोड़कर धातु के रूप में बेचने की योजना बनाई थी.
लाल किले के पास से स्वर्ण कलश की चोरी का मामला
वहीं लाल किले के पास 15 अगस्त पार्क से एक स्वर्ण कलश की चोरी के मामले में, दिल्ली अपराध शाखा ने भूषण वर्मा नामक एक गिरफ्तार व्यक्ति से चोरी की गई वस्तु बरामद कर ली. दिल्ली के संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार ने कहा कि वर्मा के दो साथियों, अंकित और गौरव के पास से पिघला हुआ सोना भी जब्त कर लिया गया है.
संयुक्त पुलिस आयुक्त कुमार ने सोमवार को एएनआई से बात करते हुए कहा, “3 सितंबर को 15 अगस्त पार्क में चोरी की घटना हुई. इस दौरान जैन समुदाय के लोग पूजा कर रहे थे और सूचना मिली कि एक कलश चोरी हो गया है. दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए भूषण वर्मा नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. चोरी हुआ कलश भी बरामद कर लिया गया . इसके अलावा, उसके दो साथियों अंकित और गौरव के पास से पिघला हुआ सोना भी बरामद कर लिया गया है. 7 अगस्त को ऋषभ विहार में जैन समुदाय की पूजा के दौरान चोरी की घटना कबूल की गई और जांच जारी है।


