उत्तर प्रदेशक्राइमताज़ा ख़बरें

गोरखपुर में रेलकर्मी और उसकी पत्नी ने सुसाइड किया,बच्चों को लेकर था विवाद

एक साल पहले की थी दूसरी शादी; पहली के बच्चों को लेकर था विवाद

गोरखपुर। गोरखपुर में एक रेलवे कर्मचारी ने पत्नी के साथ सुसाइड कर लिया। दोनों के शव मंगलवार सुबह घर में फंदे से लटकते मिले। रेलकर्मी ने 1 साल पहले दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी के बच्चे भी साथ रहते थे। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद था। कमरे से पति का लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। दंपती के सुसाइड के समय दोनों बच्चे घर में ही थे। बच्चों के मुताबिक, देर तक दोनों में झगड़ा होता रहा। जब शांत हो गया तो बच्चे अंदर गए तो देखा कि दोनों के शव फंदे पर लटका है। रोते-बिलखते बच्चों ने इसकी जानकारी बड़े पिता को दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रेलकर्मी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ शाहपुर इलाके की डेयरी कॉलोनी में रहते थे। दोनों बच्चे पहली पत्नी से हैं। बेटे की उम्र 10 साल और बेटी की 8 साल है।एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया- घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट और परिवार के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
मूल रूप से देवरिया के रहने वाले राम कृपाल कुशवाहा (44) डेयरी कॉलोनी के क्वार्टर संख्या 260-A में रहते थे। वह रेलवे के यांत्रिक कारखाना में फीनिशिंग हेल्पर थे। राम कृपाल की पहली पत्नी ममता कुशवाहा की 2 साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी। साल 2023 में उन्होंने रोशनी (38) नाम की महिला से दूसरी शादी की। वह देवरिया के सलेमपुर खुखुंदू के भैंसा गांव की रहने वाली थी। राम कृपाल पत्नी रोशनी और दो बच्चों के साथ रहते थे। वह जब भी दफ्तर से लौटते थे, तो वे अपने दोनों बच्चों के साथ वक्त गुजारते थे। बच्चों ने पुलिस को बताया कि इस बात को लेकर घर में विवाद होता था। रिश्तेदारों ने बताया- शादी के 1 साल बीत जाने के बाद भी रोशनी के बच्चा नहीं हो रहा था। राम कृपाल रोशनी का डॉक्टर से इलाज भी करा रहे थे। सोमवार शाम राम कृपाल ऑफिस से लौटे। वह बच्चों के साथ थे, तभी रोशनी विवाद करने लगी। काफी देर बीत जाने के बाद राम कृपाल अपने दोनों बच्चों को अलग कमरे में बैठाकर खाना खिलाया। फिर वे अपने कमरे में चले गए। बच्चों ने पुलिस को बताया कि काफी देर तक मम्मी-पापा के कमरे से लड़ाई होने की आवाज आती रही। फिर अचानक से सब कुछ शांत हो गया। पहले लगा कि दोनों ​सो गए। लेकिन, कुछ देर बाद जब देर रात बच्चे कमरे में गए तो देखा कि दोनों ने फांसी लगाकर जान दे दी। बेटे ने मां-पिता का शव देख अपने बड़े पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पति ने सुसाइड नोट लिखा है। ऐसे में दो संभावनाएं हैं। पहले पत्नी ने गुस्से में फांसी लगा ली। फिर पति ने भी सुसाइड नोट लिखकर जान दे दी। दूसरी संभावना यह भी है कि पहले पति ने सुसाइड किया हो। उसके बाद पत्नी ने भी सुसाइड किया हो। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद यह सभी बातें क्लियर होगी।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!