Uncategorizedअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरेंसिद्धार्थनगर 

हर दो घंटे में अपडेट होगा मतदान प्रतिशत

सिद्धार्थनगर। निर्वाचन आयोग की तरफ से लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत संकलन (एमपीएस) एप विकसित किया गया है। इससे अल्प समय में मतदान प्रतिशत की सटीक जानकारी मिल सकेगी।
पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे पर ऑनलाइन मतदान प्रतिशत अपडेट करेंगे। यह एप एंड्रायड फोन पर ही इंस्टाल होगा। इसे ऐप्पल फोन पर अपलोड नहीं किया जा सकता है। पोलिंग पार्टियों के रवाना होते ही इस एप को क्रियाशील कर दिया जाएगा। एप के जरिये पीठासीन अधिकारी द्वारा मॉकपोल संपन्न व मतदान प्रारंभ की सूचना मिल सकेगी। साथ ही प्रत्येक दो घंटे के अंतराल (नौ बजे, 11 बजे, एक बजे, तीन बजे, पांच बजे एवं छह बजे) पर मतदान प्रतिशत अपलोड करना होगा। एप के माध्यम से सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा अपने क्षेत्र के मतदेय स्थलों की स्थिति की जानकारी ली जा सकेगी।

पीठासीन अधिकारी द्वारा मतदान प्रतिशत की सूचना भरने में समस्या आने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट को तत्काल अवगत कराया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा भी एप पर सूचना अंकित की जा सकती है। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए विकास भवन स्थित प्रभारी अधिकारी कंट्रोल रूम जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी द्वारा अपील किया गया है कि निर्वाचन कार्य में सम्मिलित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी अनिवार्य रूप से अपने एंड्रायड फोन पर एमपीएस एप इंस्टाल कर ले।

कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान सभी पीठासीन अधिकारियों को एमपीएस एप इंस्टाल करने के लिए प्रशिक्षित किया गया था। एमपीएस एप को इंस्टाल करने में कोई समस्या आने पर विकास भवन स्थित कंट्रोल रूम में संपर्क किया जा सकता है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!