
‘ बीमारी से युवक की मौत , पुत्री ने जताई हत्या की आशंका , पोस्टमार्टम को भेजा शव

अलीगढ़ में छर्रा कस्बा के मोहल्ला पठानान निवासी एक युवक की गंभीर बीमारी के चलते 5 मई की प्रात : लगभग 4 बजे मौत हो गई । युवक की पुत्री ने हत्या की आंशका जाहिर करते पुलिस को सूचना दी । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मोहल्ला पठानान निवासी 55 वर्षीय वासुदेव पुत्र नाथूराम लगभग तीन वर्ष से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे । उनका उपचार दिल्ली स्थित चिकित्सालय में चल रहा था । 5 मई की प्रात : लगभग 4 बजे वासुदेव ने कस्बा छर्रा स्थित घर पर दम तोड़ दिया । युवक की पुत्री ने परिजनों पर हत्या करने की आंशका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दी । सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । कोतवाली निरीक्षक बालेन्द्र सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है । सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । तहरीर मिलने पर जांच कर कार्यवाही की जाएगी ।





