Uncategorizedअन्य खबरेउत्तर प्रदेशसोनभद्र

करमा ब्लॉक के खुटहनियां में होली मिलन के साथ प्राकृतिक खेती एवं सौर ऊर्जा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

होली मिलन के साथ प्राकृतिक खेती एवं सौर ऊर्जा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

करमा ब्लॉक (सोनभद्र)। करमा ब्लॉक के अंतर्गत खुटहनियां स्थित इंडियन बैंक ग्राहक सेवा केंद्र प्रांगण में तेजस्वी किसान मार्ट द्वारा होली मिलन समारोह एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामवासियों, किसान भाई-बहनों, स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं एवं समूह सखियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

होली के अवसर पर उपस्थित लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया। इसके साथ आयोजित संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती, प्राकृतिक ऊर्जा एवं सौर ऊर्जा के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ई. प्रकाश पाण्डेय (संस्थापक, तेजस्वी संगठन न्यास) ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है, जबकि प्राकृतिक खेती से लागत कम होती है और उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर होती है। उन्होंने प्राकृतिक ऊर्जा, विशेषकर सौर ऊर्जा को ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बताते हुए तेजस्वी किसान मार्ट की कार्यप्रणाली और किसानों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी।

सीता देवी ने स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समूहों के माध्यम से महिलाएं बचत, ऋण, उत्पादन एवं विपणन जैसे कार्यों में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने समूह सखियों की जिम्मेदारियों और गांव स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर वी एंड पी इंटरप्राइजेज (वेंडर – यूपी नेडा) के प्रतिनिधि आलोक कुमार यादव ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सौर संयंत्र स्थापना, सरकारी अनुदान, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से घरों की छत पर सौर पैनल स्थापित कर बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है तथा दीर्घकाल में आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रवेश द्विवेदी, संतोष कुमार मौर्य (पंचायत मित्र), प्रियंका देवी, आराधना मौर्या, कार्तिकेय मौर्य, विक्की सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

समापन अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, सौर ऊर्जा अपनाने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को घर-घर तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संदेश रहा —

“प्राकृतिक खेती और स्वच्छ ऊर्जा से आत्मनिर्भर गांव की ओर कदम।”

रिपोर्ट – पंकज गुप्ता

जिला – जालौन, उरई

राज्य – उत्तर प्रदेश

चैनल – B B News India

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!