
झांसी जनपद के समथर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचोबई एवं कडूरा से कुल 12 श्रद्धालु रविवार के दिन पैदल यात्रा करते हुए राजस्थान स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल झांझ के लिए रवाना हुए। यह यात्रा श्रद्धा, आस्था एवं भक्ति भाव का प्रतीक मानी जा रही है। यात्रा पर निकलने से पूर्व श्रद्धालुओं ने गांव में स्थित मंदिरों में पूजा-अर्चना कर भगवान से सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
जब यह जत्था समथर कस्बे में पहुंचा, तो अग्गा बाजार में बाबा महाकाल सेवा समिति एवं विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को फूल-मालाएं पहनाई गईं तथा पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने यात्रियों को जलपान भी कराया और उनकी यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि यह पदयात्रा वे वर्षों से करते आ रहे हैं और इसका उद्देश्य भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट करना तथा समाज में धार्मिक चेतना का प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि कठिन रास्तों और मौसम की चुनौतियों के बावजूद वे पूरे उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूर्ण करेंगे।
बाबा महाकाल सेवा समिति एवं विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने कहा की इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं समाज में भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश देती हैं। उन्होंने सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी की कामना की।
इस मौके पर रामपाल सिंह, छोटे राजा, भानसिंह पाल, मधू गुर्जर, राहुल पाल, छत्रपाल, गोदन, चन्द्रपाल, वकील पाल, बहोरन, सचित गुर्जर, वासुदेव सहित बाबा महाकाल सेवा समिति एवं विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे
पत्रकार भूमिका भारत न्यूज से आरिफ खान 



