दिव्यांग बच्चों के हुनर ने बिखेरे दीपावली के रंग, हस्तनिर्मित सामानों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट बी बी न्यूज इंडिया ब्यूरों गाजीपुर 9140875060
दिव्यांग बच्चों के हुनर ने बिखेरे दीपावली के रंग, हस्तनिर्मित सामानों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
सरजू पांडेय पार्क में लगा दीपावली मेला, सीआरओ सुनील कुमार त्रिवेदी ने किया उद्घाटन; बच्चों की प्रतिभा देख हुए प्रभावित
गाजीपुर। दीपावली के पावन अवसर पर समर्पण संस्था शास्त्री नगर गाजीपुर के तत्वावधान में राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र के दिव्यांग बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री मेले का आयोजन कचहरी स्थित सरजू पांडेय पार्क में किया गया। मेले में बच्चों की मेहनत, हुनर और रचनात्मकता से तैयार आकर्षक वस्तुओं ने लोगों का ध्यान खींचा। बच्चों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से यह संदेश दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे भी आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीआरओ सुनील कुमार त्रिवेदी ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए बच्चों द्वारा तैयार की गई वस्तुओं को देखा और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से जो वस्तुएं तैयार की हैं, वे पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इनका हुनर समाज को एक सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने बच्चों को इस योग्य बनाने में जुटे शिक्षकों और शिक्षिकाओं के प्रयासों की भी सराहना की तथा स्वयं सामानों की खरीदारी कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
विशिष्ट अतिथि जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी पारस नाथ यादव ने भी स्टॉलों का निरीक्षण कर बच्चों के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस दौरान सुखवीर एग्रो एनर्जी, फतेहल्लाहपुर के एचआर हेमांक यादव अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। संस्था की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को बच्चों द्वारा बनाए गए स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
मेले में फूलों वाले दीपक, रंगीन दीपक, गुलदस्ते, टेडी बियर, स्टैंड दीपक, पूजा की थाली, पेंटिंग, चादर, तोरण द्वार, स्कार्फ, रुमाल, चम्मच से तैयार दीवार सजावट, मटका गुलदस्ता, मटका स्टैंड और शो लैंप सहित अनेक आकर्षक वस्तुएं प्रदर्शित की गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समर्पण संस्था की संरक्षिका सविता सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्था दिव्यांग बच्चों को स्वावलंबी बनाने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। उन्होंने जनपदवासियों से बच्चों के हुनर को प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अशोक कुमार यादव, अजीत कुमार गुप्ता, लक्ष्मी वर्मा, रागिनी सिंह, सुमित्रा सिंह, राजेश कुमार, जालंधर, प्रभुनाथ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मेले का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरनाथ गुप्ता ने किया।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






