हुसैनपुर में उद्यमिता, महिला सुरक्षा एवं बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विकास सिंह/मुकेश श्रीवास्तव
गाजीपुर, 06 नवंबर जन ग्रामीण विकास संस्थान के तत्वावधान में प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज कुमार के संरक्षण में विकासखंड मनिहारी के ग्राम हुसैनपुर में ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार से जोड़ने तथा महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), गाजीपुर के संकाय सदस्य मुकेश श्रीवास्तव ने महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, मशरूम उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, अगरबत्ती निर्माण सहित विभिन्न लघु उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने यूनियन RSETI गाजीपुर में संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली सुविधाओं, प्रमाणपत्र तथा प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार स्थापित करने में उपलब्ध मार्गदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को बैंक ऋण एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गाजीपुर के प्रभारी श्री संतोष सिंह ने बाल विवाह मुक्ति अभियान के तहत लोगों को जागरूक करते हुए बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके भविष्य को प्रभावित करता है। बाल विवाह निषेध अधिनियम के अनुसार लड़की की विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने ग्रामीणों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सहयोग करने तथा किसी भी बच्चे के संकट या बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर देने की अपील की।
इस अवसर पर शादियाबाद थाना प्रभारी एवं मिशन शक्ति की टीम भी उपस्थित रही। पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मिशन शक्ति के अंतर्गत संबल एवं सामर्थ्य घटकों की जानकारी देते हुए वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र), महिला हेल्पलाइन 181, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत, शक्ति सदन, सखी निवास, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पालना योजना तथा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु राष्ट्रीय हब जैसी व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों की भी जानकारी दी गई।
महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, महिला पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जोड़ना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी, जागरूकता और प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में जैन ग्रामीण विकास संस्थान के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज कुमार, यूनियन RSETI गाजीपुर के संकाय सदस्य मुकेश श्रीवास्तव, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 गाजीपुर के प्रभारी श्री संतोष सिंह , शादियाबाद थाना प्रभारी, मिशन शक्ति की टीम तथा ग्राम हुसैनपुर की ग्रामीण महिलाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बाल विवाह मुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






