सीतापुर में सराफा व्यापारी से ऑनरोड लूट

सीतापुर में सर्राफा व्यापारी से लूट, 200 ग्राम चांदी व नकदी ले उड़े बदमाश
* दुकान बंद कर घर लौटते समय रामकोट थाना क्षेत्र के मधवापुर रोड पर हुई वारदात
* बाइक ओवरटेक कर व्यापारी को गिराया, एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया मौका मुआयना
सीतापुर, संवाददाता। रामकोट थाना क्षेत्र के मधवापुर रोड पर शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया।
बदमाश व्यापारी की बाइक गिराकर डिग्गी में रखी करीब 200 ग्राम चांदी और सात हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के रोटी गोदाम मोहल्ला निवासी सर्वेश यादव कुतुबनगर कस्बे में 'मां लक्ष्मी ज्वैलर्स' के नाम से सर्राफा की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान मधवापुर रोड स्थित क्रॉसिंग के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और धक्का देकर बाइक समेत नीचे गिरा दिया। पीड़ित व्यापारी जब तक संभल पाते, बदमाशों ने उनकी बाइक की डिग्गी का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 200 ग्राम चांदी और सात हजार रुपये नकद निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई इस घटना से व्यापारी दहशत में आ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। वारदात की जानकारी मिलते ही एसपी व एएसपी उत्तरी आलोक सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित से घटनाक्रम की जानकारी ली। "बदमाश व्यापारी से करीब 40 हजार रुपये कीमत के आभूषण व नकदी लेकर फरार हुए हैं।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।"
— आलोक सिंह, एएसपी (उत्तरी), सीतापुर
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






