संविधान के मूल्यों और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश, न्यायालय से विद्यालय तक गूंजा ‘एक स्वर, एक संविधान’

उर्फी रिज़वी गाजीपुर
संविधान के मूल्यों और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश, न्यायालय से विद्यालय तक गूंजा ‘एक स्वर, एक संविधान’
गाजीपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सभागार में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया।
जनपद न्यायाधीश ने सभी को संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने कहा कि संविधान दिवस का उद्देश्य समानता, बराबरी के अधिकार और संविधान की सर्वोच्चता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज, तुलसी सागर में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत सुबह नौ बजे संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं छात्राएं शामिल हुईं।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने छात्राओं को संविधान दिवस की बधाई देते हुए संविधान के महत्व और उसकी विशेषताओं से परिचित कराया। उन्होंने छात्राओं को संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के संजय हरि शुक्ला, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय शैलोज चंद्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह, विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु सिंह, संजय के लाल, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






