
अंबेडकरनगर
तमाम कोशिशों के बाद भी सभी हेल्थ वेलनेस सेंटरों का ताला रोज नहीं खुल पा रहा। विभागीय अधिकारियों के लगातार निरीक्षण के बाद भी शुक्रवार को तीन सेंटर में ताला लगा मिला। यह हाल तब था जब 300 से अधिक हेल्थ सेंटरों में से करीब दस सेंटरों की ही पड़ताल हुई।
ऐसे में इन सेंटरों को लेकर पसरी मनमानी का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूरदराज स्थित सीएचसी व पीएचसी के साथ ही जिला अस्पताल तक की दौड़ लगाने से राहत दिलाने के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। मौजूदा समय में 325 हेल्थ वेलनेस सेंटर संचालित हैं। 279 केंद्रों पर सीएचओ की तैनाती जबकि शेष केंद्र पर एएनएम ही सीएचओ की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
हेल्थ वेलनेस सेंटर पर न सिर्फ मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं बल्कि जिला अस्पताल में स्थित चिकित्सक से ऑनलाइन संपर्क कर इलाज भी होता है। केंद्र के संचालन से मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद जगी थी लेकिन ज्यादातर केंद्रों पर सीएचओ की लापरवाही से इलाज नहीं मिल पा रहा है।
बीते कुछ दिनों से स्वास्थ्य विभाग की टीम के निरीक्षण में ही अलग-अलग क्षेत्र में स्थित केंद्र बंद मिले। इस पर संबंधित सीएचओ का एक दिन का वेतन भी काटा गया। लेकिन इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्र में संचालित दस हेल्थ वेलनेस सेंटरों का जायजा लिया गया तो तीन बंद मिले।
12 बजे तक नहीं खुला था ताला
दोपहर 12 बजे तक हेल्थ वेलनेस सेंटर नरियांव के गेट का ताला नहीं खुल सका था। आसपास के क्षेत्र के लोगों का कहना था कि अक्सर यह केंद्र बंद ही रहता है। यहां तैनात सीएचओ भगौती सिंह की लापरवाही का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ता है। गांव के राहुल पांडेय व शेषनाथ सिंह ने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेंटर का बेहतर ढंग से लाभ मरीजों को नहीं मिल रहा। इसकी कई बार शिकायत जिम्मेदारों से की भी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर सीएचसी जहांगीरगंज प्रभारी डॉ. उदयचंद्र यादव ने बताया कि दवा लेने की बात कहकर सीएचओ जिला मुख्यालय गए हैं।
सीएचसी तक दौड़ लगा रहे मरीज
कम्हरिया स्थित हेल्थ वेलनेस सेंटर भी 11 बजे बंद मिला। उसपर ताला लटक रहा था। जानकारी पर पता चला कि कई दिनों से हेल्थ वेलनेस सेंटर बंद है। यहां तैनात सीएचओ सुनयना ने एक माह पहले त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद से किसी की तैनाती नहीं हो सकी। क्षेत्र के अनिल सिंह व लक्ष्मण निषाद ने कहा कि जब इस केंद्र का संचालन प्रारंभ हुआ तो मरीजों को व्यापक लाभ मिल रहा था। जब से बंद हुआ है तो मरीजों को सीएचसी जहांगीरगंज तक की दौड़ लगानी पड़ती है। इस संबंध में कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
भवन तो बना पर संचालन नहीं
चार माह पूर्व हजपुरा में बनकर तैयार हेल्थ वेलनेस सेंटर भवन में ताला लटका था। बताया गया कि इसका संचालन अब तक नहीं शुरू हो सका है। यहां तैनात सीएचओ साक्षी वर्मा ने बताया कि नए भवन की चाभी अब तक नहीं मिल सकी है। इसके चलते हेल्थ वेलनेस सेंटर का संचालन निकट स्थित पंचायत भवन से किया जा रहा है। पंचायत भवन से ही एएनएम सेंटर का भी संचालन हो रहा। इससे कई प्रकार की समस्या मरीजों के बेहतर इलाज में हो रही हैं।
दिए गए हैं निर्देश
सभी सीएचओ का पूरा विवरण लिया जा रहा है। बीते दिनों निरीक्षण में जो भी केंद्र बंद पाए गए थे वहां के सीएचओ का वेतन काटते हुए कार्रवाई की जा रही है। जो भी केंद्र बंद मिले हैं उनके सीएचओ से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। – डॉ. राजकुमार, सीएमओ



