ड्रोन से घर की रेकी के अगले दिन लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर और 6.50 लाख नकदी पार

उर्फी रिज़वी गाजीपुर
ड्रोन से घर की रेकी के अगले दिन लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर और 6.50 लाख नकदी पार
पीड़ित ने जताई पूर्व नियोजित चोरी की आशंका, एसपी से लगाई एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की गुहार
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के जंजीरपुर निवासी अजीत कुशवाहा के आवास को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के अनुसार, चोरी की इस घटना में करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण, 250 से 300 ग्राम चांदी के जेवर तथा लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।
पीड़ित अजीत कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि 14 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे उनके आवास के ऊपर ड्रोन कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने की जानकारी मिली थी। आरोप है कि इस दौरान उनके घर के आसपास संदिग्ध गतिविधियां भी देखी गईं। उन्होंने प्रार्थना-पत्र में बताया कि अगले दिन यानी 15 नवंबर की भोर में करीब 2 से 3 बजे के बीच उनके आवास के दरवाजे और बक्से का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक, चोरी की जानकारी सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब वह अपने घर के अंदर गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में ड्रोन कैमरे से घर की वीडियो रिकॉर्डिंग और चोरी की घटना के बीच संभावित संबंध की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
चोरी गए सामान में सोने की नथिया, मटरिका, मंगलसूत्र, झुमका और अंगूठी सहित करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण बताए गए हैं। वहीं पायल, पैंजनी, करधनी, हाथ पंजा, बिछिया सहित करीब 250 से 300 ग्राम चांदी के आभूषण और 6.50 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
पीड़ित अजीत कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक से चोरी के संबंध में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर बिखरे सामान को बरामद कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में जांच के दौरान किन तथ्यों का खुलासा करती है और चोरी की इस वारदात में शामिल लोगों तक कब पहुंच पाती है।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






