गाजीपुर में बीएससी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बंद कमरे में मिला 21 वर्षीय कृष्णकांत का शव

उर्फी रिज़वी गाजीपुर
गाजीपुर में बीएससी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बंद कमरे में मिला 21 वर्षीय कृष्णकांत का शव
तीन दिन पहले ही गांव से पढ़ाई के लिए लौटा था छात्र, सुबह फोन नहीं उठने पर पिता और चाचा पहुंचे मकान; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के टाड़ा तड़बनवा में रविवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां बंद कमरे में पीजी कॉलेज के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र कृष्णकांत कुमार भारती (21) का शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। जिस बेटे के बेहतर भविष्य के लिए परिवार ने सपने संजोए थे, उसकी अचानक मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि कृष्णकांत पिछले करीब दस वर्षों से गाजीपुर शहर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह अपने भाई-बहनों के साथ एक निजी मकान में रहता था। छठ पर्व की छुट्टी में परिवार के अन्य सदस्य पैतृक गांव चले गए थे। पढ़ाई प्रभावित न हो, इसी चिंता में कृष्णकांत तीन दिन पहले ही गांव से वापस शहर लौट आया था।
रविवार सुबह करीब दस बजे तक जब कृष्णकांत से परिजनों की बातचीत नहीं हुई तो उन्होंने उसके मोबाइल पर फोन करना शुरू किया। कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पिता रमेश चंद और चाचा रामनंद मकान पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो कृष्णकांत कमरे में मृत अवस्था में पड़ा था। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में डायल 112 पर सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे से छात्र का बंद मोबाइल फोन भी मिला है। मृतक के पिता रमेश चंद मरदह ब्लॉक में ग्राम पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं। परिवार जंगीपुर थाना क्षेत्र के सरौली उर्फ पहेतिया गांव का निवासी है।
सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






