मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो नपेंगे जिम्मेदार! बूथों पर पहुंचे डीएम अनुपम शुक्ला, पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा

उर्फी रिज़वी गाजीपुर की खास रिपोर्ट
मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो नपेंगे जिम्मेदार! बूथों पर पहुंचे डीएम अनुपम शुक्ला, पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा
18 साल पूरे कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने पर विशेष जोर, बोले- कोई भी पात्र नागरिक वोटर बनने से न छूटे
गाजीपुर। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला अचानक अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंच गए। डीएम के औचक निरीक्षण से मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल रही। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर न केवल पुनरीक्षण कार्य की प्रगति परखी, बल्कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के लिए सख्त निर्देश भी दिए।
निरीक्षण की शुरुआत विधानसभा क्षेत्र 375 के उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज से हुई। यहां जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर जनसंख्या के सापेक्ष लगभग 64 प्रतिशत मतदाता पंजीकृत होने चाहिए। उन्होंने खास तौर पर 18 से 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया। स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम सूची में दर्ज कराया जाए, ताकि पहली बार मतदान करने का अधिकार हासिल करने वाले युवा पंजीकरण से वंचित न रह जाएं।
इसके बाद डीएम ने विधानसभा क्षेत्र 376 के उच्च प्राथमिक विद्यालय अंधऊ में बूथ संख्या 305, 306 और 307 तथा कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय अंधऊ के बूथ संख्या 1 से 4 तक का निरीक्षण किया। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में बूथ संख्या 333 से 341 तक कुल नौ बूथों की स्थिति भी देखी।
वहीं विधानसभा क्षेत्र 375 के उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर में बूथ संख्या 178, 179 और 180 तथा विधानसभा क्षेत्र 376 के प्राथमिक विद्यालय चक अब्दुल वहाब में बूथ संख्या 326 और 327 का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त कुमार ग्रामीण बालिका इंटर कॉलेज, गहिली बसारिकपुर में स्थापित तीन बूथों का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दो टूक निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाकर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। खासकर नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण में कोई ढिलाई न बरती जाए।
चुनाव से पहले मतदाता सूची दुरुस्त करने की कवायद
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 से पहले मतदाता सूची का शुद्धिकरण और नए मतदाताओं का पंजीकरण प्रशासन के लिए अहम चुनौती है। ऐसे में डीएम का लगातार बूथों तक पहुंचना इस बात का संकेत है कि प्रशासन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर गंभीर है। अब देखना होगा कि इन निर्देशों का बूथ स्तर पर कितना प्रभावी अनुपालन होता है।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






