जनगणना-2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से की सहयोग की अपील

उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट बी बी न्यूज इंडिया ब्यूरों गाजीपुर 9140875060
जनगणना-2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से की सहयोग की अपील
घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
गाजीपुर, 7 नवंबर। जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से जनगणना कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्व-गणना के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश के विकास की योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का सहयोग बेहद जरूरी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित होगी। इस दौरान नागरिक घर बैठे https://se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने सभी लोगों से निर्धारित समयावधि के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त प्रगणकों को विधिवत प्रशिक्षण दिया गया है। वे विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक संकेतकों से संबंधित सवाल पूछेंगे। नागरिकों को इन सवालों का सही और स्पष्ट जवाब देना होगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्रगणक किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं मांगेंगे। नागरिकों को अपनी जानकारी के आधार पर ही पूछे गए सवालों के जवाब देने हैं। उनके द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तथा घर पहुंचने वाले प्रगणकों और अधिकृत कर्मचारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें। सही जानकारी उपलब्ध कराने से जनगणना का कार्य निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा हो सकेगा।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






