त्योहारों को लेकर सैदपुर के बाजारों में उतरे एसपी, पुलिस बल के साथ किया पैदल मार्च

उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट बी बी न्यूज इंडिया ब्यूरों गाजीपुर 9140875060
त्योहारों को लेकर सैदपुर के बाजारों में उतरे एसपी, पुलिस बल के साथ किया पैदल मार्च
व्यापारियों और आमजन से किया संवाद, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील; यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
गाजीपुर, 7 नवंबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने 6 नवंबर को थाना सैदपुर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने सैदपुर कस्बे के सैदपुर मार्केट, सुनार गली, पक्का घाट रोड, कस्बा पुलिस चौकी, पुरानी सब्जी मंडी और उत्तर बाजार सहित विभिन्न व्यस्त बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने स्थानीय व्यापारियों, सर्राफा कारोबारियों और आम नागरिकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
एसपी ने बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और जाम की समस्या से निपटने के लिए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी अतिक्रमण हटवाने तथा बाजारों में आवागमन सुगम बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सैदपुर, प्रभारी निरीक्षक सैदपुर, चौकी प्रभारी कस्बा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की सक्रियता से बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






