गाजीपुर जनपद के 32 पीएमसी विद्यालय होंगे विकसित

उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट
ब्यूरो चीफ बी बी न्यूज इंडिया गाजीपुर
जनपद के 32 पीएम श्री विद्यालयों में विकसित होंगे किचन व औषधीय गार्डन, प्रति विद्यालय ₹20,000 की धनराशि स्वीकृत- जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
– जनपद गाजीपुर के सभी 32 चयनित पीएम श्री विद्यालयों में विद्यार्थियों को पोषण, पर्यावरण और प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से ‘‘वेजिटेबल/किचन एवं मेडिसिनल गार्डन‘‘ (सब्जी व औषधीय वाटिका) की स्थापना एवं विकास हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस परियोजना के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक पीएम श्री विद्यालय के लिए ₹20,000 (बीस हजार रुपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मध्याह्न भोजन (एम डी एम) को ताजी हरी सब्जियों से समृद्ध बनाना तथा विद्यार्थियों को पारंपरिक औषधीय पौधों के महत्व से परिचित कराना है। स्वीकृत धनराशि का उपयोगरू प्रति विद्यालय स्वीकृत ₹20,000 की धनराशि का उपयोग विद्यालय परिसर में क्यारियों के निर्माण/समतलीकरण, उच्च गुणवत्ता वाले बीज/पौधे, जैविक खाद (वर्मी कम्पोस्ट), आवश्यक छोटे बागवानी उपकरण (खुरपी, फावड़ा, हजारा आदि) तथा पौधों के सुरक्षात्मक घेराव (फेंसिंग) हेतु वित्तीय नियमों के अनुसार किया जाएगा।
परिसर में उपलब्ध रिक्त भूमि पर मौसमी व पौष्टिक सब्जियां जैसे पालक, मेथी, टमाटर, धनिया, बैंगन, लौकी, सहजन (मोरिंगा) आदि उगाई जाएं। इन ताजी व रसायन-मुक्त सब्जियों का अनिवार्य रूप से मध्याह्न भोजन में उपयोग किया जाएगा।
विद्यार्थियों को पारंपरिक वनौषधियों के ज्ञान हेतु तुलसी, गिलोय, एलोवेरा, पुदीना, नीम, लेमनग्रास, अजवाइन व अश्वगंधा जैसे पौधे रोपे जाएं। प्रत्येक पौधे के समक्ष उसके नाम व औषधीय गुणों का संक्षिप्त डिस्प्ले बोर्ड भी लगाया जाए।
वाटिका में रासायनिक खाद व कीटनाशकों का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। विद्यालय के हैंडपंप/आरओ से निकलने वाले व्यर्थ पानी (ग्रे-वाटर) का उपयोग सिंचाई के लिए करने के निर्देश दिए गए हैं।
वाटिका के रखरखाव, निराई-गुड़ाई और सिंचाई में इको-क्लब व बाल संसद के सदस्यों को शामिल किया जाए, जिससे बच्चों में श्रम के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो। बीएसए ने सभी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों एवं 32 पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कराएं तथा वाटिका की जियो-टैग्ड फोटोग्राफ्स निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
…………………………
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






