उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट बी बी न्यूज इंडिया ब्यूरों गाजीपुर 9140875060
➡️ *यातायात माह नवम्बर-2026 का शुभारंभ, पुलिस अधीक्षक गाजीपुर श्री विनय कुमार सिंह ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।
**कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर डाँ0 राकेश कुमार मिश्र द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय गाजीपुर को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
मोटरसाइकिल एवं ई- रिक्शा रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक।*
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पूरे नवंबर माह चलेगा विशेष अभियान।
गाजीपुर । आज दिनांक 01.11.2026 को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर श्री विनय कुमार सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस कार्यालय गाजीपुर से प्रारंभ होकर सांसद तिराहा,लंका ,विशेश्वरगंज, रौजा होते हुए यातायात कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना पुलिस एवं प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल चालान एवं दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के अमूल्य जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। अतः प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाए।
*यातायात माह नवंबर के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रमुख गतिविधियां
यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के बीच निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित की जाएगी।
इसी क्रम में प्रमुख चौराहों, तिराहों, बाजारों, बस स्टैंड, एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा गलत दिशा में वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी जाएगी। साथ ही पंपलेट एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट का चिह्नांकन कर वहां विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे तथा ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन संचालन, नशे में वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही व्यावसायिक एवं सार्वजनिक परिवहन के वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, निर्धारित क्षमता के अनुरूप सवारी बैठाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने, गोल्डन ऑवर के महत्व एवं गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) की भूमिका के संबंध में भी आमजन को जागरूक किया जाएगा।
*गाजीपुर पुलिस की अपील-सभी नागरिक दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं एवं पीछे बैठे व्यक्ति के लिए हेलमेट का प्रयोग करें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं, नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पूर्ण पालन करें। आपकी थोड़ी सी सावधानी, किसी का पूरा जीवन बचा सकती है। यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात , प्रभारी निरीक्षक यातायात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा यातायात पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।