जंतर-मंतर प्रदर्शन: तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी जांच

जंतर-मंतर प्रदर्शन: तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी जांच
दिल्ली में जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे क्राइम ब्रांच को भेज दिया है। बता दें कि जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। नई दिल्ली स्थित थाने को उनकी शिकायते मिल गई हैं और निष्पक्ष जांच के लिए इन्हें कमला मार्केट स्थित क्राइम ब्रांच को भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने इस बारे में अपने एक्स हैंडल पर भी जानकारी दी है।
दिल्ली पुलिस ने लिखा '' उन्हें तीन महिला पत्रकारों से शिकायतें मिली हैं, जिनमें 3 अक्टूबर को नई दिल्ली इलाके में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए इन शिकायतों को कमला मार्केट स्थित क्राइम ब्रांच को भेज दिया गया है।''
शिकायतें क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर
दिल्ली पुलिस ने बताया कि अब कमला मार्केट स्थित क्राइम ब्रांच इन शिकायतों की जांच करेगी और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। यह घटनाक्रम राजधानी में उस विरोध-प्रदर्शन के बीच हुआ है, जिसमें मतदाता सूची के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) से जुड़े आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की जा रही है।
प्रशांत भूषण और कपिल सिब्बल समेत कई दिग्गज हिरासत में लिए गए
हिरासत में लिए गए लोगों में सीनियर वकील प्रशांत भूषण और कपिल सिबल, स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव और AISA की नेशनल प्रेसिडेंट नेहा बोरा शामिल थे। AISA ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला प्रदर्शनकारियों, पत्रकारों और वकीलों के साथ बदसलूकी की।
वायरल वीडियो से मचा बवाल
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक पुरुष पुलिस अधिकारी नेहा बोरा को हिरासत में लेते समय पीछे से पकड़ते हुए दिखाई दे रहा है। इन आरोपों पर पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया
CJP के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। शनिवार को जंतर-मंतर और उसके आस-पास मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे लगभग 150 लोगों को हिरासत में लिया गया, क्योंकि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को उस जगह पर इकट्ठा होने से रोक दिया था।
Share this:
🔔 BB India News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






