Site icon Bhoomika Bharat News

14 मार्च को हो सकता है लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान !

सूत्रों का कहना है कि चुनाव आयोग अगले हफ्ते किसी भी दिन लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। फिलहाल आयोग आम चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए कई राज्यों के दौरे पर है। सभी राज्यों में तैयारियों का आकलन करने के बाद ही आयोग चुनाव की तारीखों की एलान करेगा…

लोकसभा चुनाव 2024

2024 लोकसभा चुनाव में इतिहास बनना तय है। अगर नरेंद्र मोदी की बीजेपी सरकार जीत की हैट्रिक बनाती है, तो भी इतिहास बनेगा। नरेंद्र मोदी पहले ऐसे गैर कांग्रेसी नेता होंगे, जो लगातार तीन बार प्रधानमंत्री पद के लिए चुने जाएंगे। अगर नतीजे बीजेपी के खिलाफ गए तो भी इतिहास बनेगा। 2024 का मुकाबला नरेंद्र मोदी वर्सेज विपक्ष है। राजनीतिक नजरिये से इसे एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन का नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 370 और एनडीए कुनबे को 400+ सीटें मिलेंगी। एनडीए के मुकाबले के लिए कांग्रेस, टीएमसी, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, एनसीपी शरद पवार, शिवसेना, डीएमके, सीपीआई समेत कई पार्टियां एकजुट हुईं हैं। एनडीए के साथ बिहार में जेडीयू, लोकजनशक्ति पार्टी और हम है, जबकि यूपी में सुभासपा, आरएलडी और अपना दल (सोनेलाल) के साथ बीजेपी ने गठबंधन किया है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें हिंदी पट्टी के चार बड़े राज्यों यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान के अलावा दिल्ली, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और झारखंड पर टिकी हैं। 2019 के आम चुनाव में बीजेपी और एनडीए ने 95 फीसदी से ज्यादा सीटें जीत ली थीं। इसके अलावा गुजरात और महाराष्ट्र में भी बीजेपी को बड़ा फायदा मिला था। कांग्रेस पार्टी के लिए 2024 का चुनाव अस्तित्व की लड़ाई जैसी है। इसके अलावा क्षेत्रीय दलों का भविष्य भी मई में होने वाले चुनाव नतीजों पर टिकी हैं। अभी तक पश्चिम बंगाल में टीएमसी और पंजाब में आम आदमी पार्टी दो ऐसी पार्टियां सामने आई हैं, जो अपने-अपने राज्यों में बीजेपी का कड़ा मुकाबला कर रही है। महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी में बंटवारे के बाद विपक्ष की स्थिति कमजोर हो चुकी है। उम्मीद है कि 13 मई तक देश में चुनाव के बाद तय हो जाएगा कि सरकार कौन बना रहा है और प्रधानमंत्री मोदी रहेंगे या नहीं। राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, शरद पवार जैसे नेताओं की किस्मत भी इसी नतीजे से तय होंगे।

 

 

 

 

 

Exit mobile version