Site icon Bhoomika Bharat News

प्रदेश में पहले दिन दो हजार से ज्यादा बच्चों ने हिंदी की परीक्षा छोड़ी

*वन्दे भारत न्यूज संवाददाता मोहित*

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। पहले ही दिन 12वीं में 2355 बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी। हालांकि 10वीं में मात्र सात बच्चे गैरहाजिर रहे। नकल के लिहाज से पहले दिन की परीक्षा बेदाग रही। अनुचित साधन के प्रयोग का एक भी मामला सामने नहीं आया।

बोर्ड मुख्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन हाईस्कूल में हिन्दी, अंग्रेजी की टाइपिंग और हिन्दुस्तानी संगीत की परीक्षा थी। टंकण परीक्षा में कुल 149 में से छह परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे, जबकि हिन्दुस्तानी संगीत परीक्षा में पंजीकृत 28 बच्चों में एक परीक्षार्थी गैरहाजिर रहा। 12वीं की हिन्दी परीक्षा में पंजीकृत 92790 में से 2352 बच्चे अनुपस्थित रहे। 12वीं की ही कृषि हिंदी में पंजीकृत 379 परीक्षार्थियों में से तीन गैर हाजिर रहे।

टाइपिंग में टिहरी, संगीत में अल्मोड़ा की रुचि ज्यादा

हाईस्कूल में टाइपिंग परीक्षा में टिहरी जनपद के सबसे ज्यादा परीक्षार्थी (85) पंजीकृत हैं। इनमें से 83 ने परीक्षा दी। हिन्दुस्तानी संगीत में अल्मोड़ा जिले से सबसे ज्यादा 12 परीक्षार्थी पंजीकृत और शमिल रहे। जबकि 12वीं की हिन्दी और कृषि हिन्दी की परीक्षा में हरिद्वार जनपद की संख्या सबसे ज्यादा रही। हिन्दी में हरिद्वार से 19541 और कृषि में 240 छात्रों ने पंजीकरण कराया है

Exit mobile version