Site icon Bhoomika Bharat News

मंगलवार को आयोजित हुआ सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस

सिद्धार्थनगर. शासन के मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे शनिवार को सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है‌। पुलिस भर्ती परीक्षा के कारण शनिवार के स्थान पर आज आयोजित हुआ तहसील समाधान दिवस। तहसील इटवा में जिलाधिकारी पवन अग्रवाल की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की उपस्थिति में तहसील समाधान दिवस का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। तहसील इटवा में आयोजित सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के आयोजन के अवसर पर राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों के शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी इटवा द्वारा किया गया तथा पुलिस विभाग से सम्बन्धित प्रार्थना पत्रों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। जिलाधिकारी द्वारा तहसील समाधान दिवस में पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के आख्या का अवलोकन किया गया। अवलोकन के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा तत्काल जिला स्तरीय टीम बनाकर मौके का जाँच कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस इटवा में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील समाधान दिवस में प्राप्त हो रही शिकायतों एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। इसके साथ ही शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों के समक्ष जाँच कर कार्यवाही किया जाये। जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बना ले। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लम्बित नही होना चाहिए यदि किसी भी विभाग का प्रकरण लम्बित पाया जायेगा तो सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के आयोजन के अवसर पर कुल 34 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए जिसमें राजस्व-18, पुलिस विभाग से सम्बन्धित-03, विकास-03, विद्युत-04, पूर्ति-02, स्वास्थ्य-01 तथा अन्य-03 मामले प्रस्तुत हुए। जिसमें राजस्व विभाग से सम्बंधित-02, विद्युत-01 तथा पूर्ति-02 कुल 05 प्रार्थना-पत्र को जिलाधिकारी पवन अग्रवाल द्वारा मौके पर ही निस्तारित करा दिया गया। तहसील दिवस में अवशेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को तीन दिवस के अन्दर शत-प्रतिशत निस्तारण की कार्यवाही सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस कार्यक्रम डीएफओ पुष्प कुमार के०, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा०डी०के०चौधरी, पी०डी० नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ० राहुल गुप्ता, तहसीलदार इटवा, तहसील इटवा क्षेत्र के अन्तर्गत समस्त थानाध्यक्ष एवं खण्ड विकास अधिकारी तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version