Site icon Bhoomika Bharat News

सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का किया गया आयोजन

सिद्धार्थनगर. शासन के मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे शनिवार को सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। तहसील डुमरियागंज़ में जिलाधिकारी पवन अग्रवाल की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। साथ में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की भी उपस्थिति रही। तहसील डुमरियागंज़ में आयोजित सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के आयोजन के अवसर पर राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों के शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी पवन अग्रवाल, उपजिलाधिकारी डुमरियागंज प्रवेन्द्र कुमार तथा पुलिस विभाग से सम्बंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह द्वारा किया गया।

जिलाधिकारी द्वारा पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के आख्या का अवलोकन किया गया। अवलोकन के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा तत्काल जिला स्तरीय टीम बनाकर मौके का जाँच कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस डुमरियागंज़़ में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील समाधान दिवस में प्राप्त हो रही शिकायतों एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। इसके साथ ही शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों के समक्ष जाँच कर कार्यवाही सुनिश्चित किया जाये।

जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बना ले। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लम्बित नहीं होना चाहिए यदि किसी भी विभाग का प्रकरण लम्बित पाया जायेगा तो सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के आयोजन के अवसर पर कुल 61 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए जिसमें राजस्व-32, पुलिस विभाग से सम्बन्धित-08, विकास-03, अन्य-18 प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत हुए। जिलाधिकारी द्वारा राजस्व के 07 प्रार्थना-पत्रों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। तहसील दिवस में प्राप्त शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को तीन दिवस के अन्दर शत-प्रतिशत निस्तारण की कार्यवाही सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में अतिरिक्त डीएफओ पुष्प कुमार के०, डीसीएनआरएलएम योगेन्द्र लाल भारती, उप कृषि निदेशक अरविन्द कुमार विश्वकर्मा, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ० राहुल गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, तहसीलदार डुमरियागंज, तहसील डुमरियागंज क्षेत्र के अन्तर्गत समस्त थानाध्यक्ष एवं खण्ड विकास अधिकारी तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा मतदाता जागरूकता हेतु ईवीएम, वीवी पैट डमी वोट डालकर देखा गया।

Exit mobile version