उर्फी रिज़वी रिपोर्ट बी बी न्यूज इंडिया ब्यूरो चीफ गाजीपुर 9140875060
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जमानिया में किया पैदल रूट मार्च, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
नवरात्रि तथा दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील जमानिया क्षेत्र में पैदल रूट मार्च किया।
इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
पैदल रूट मार्च थाना कोतवाली जमानिया एवं तहसील परिसर से प्रारंभ होकर नगर पालिका रोड, हॉस्पिटल रोड, लोदीपुर, चौधरी मोहल्ला, कंकड़बाघाट, बलुआ घाट चौराहा तथा बलुआ घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया। रूट मार्च के दौरान थाना प्रभारी जमानिया, उपजिलाधिकारी जमानिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों को हर्षोल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। यदि किसी व्यक्ति को कोई समस्या होती है या किसी प्रकार की शिकायत सामने आती है, तो वह अपने नजदीकी थाने अथवा तहसील प्रशासन से संपर्क कर सकता है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अराजकता अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सभी नागरिक त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। यदि कहीं किसी प्रकार के विवाद, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से आमजन से अपील की कि सभी लोग प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी भ्रामक सूचना को प्रसारित करने से बचें। आपसी सहयोग, सद्भाव एवं जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाकर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें।