संवादाता यूनुस अंसारी
बरेली। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को कम करने के लिए चलाए जा रहे जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) कार्यक्रम के तहत बरेली पुलिस की क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों (CCT) की प्रभावी कार्रवाई सामने आई है। सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा में थाना भोजीपुरा, देवरनियां और सीबीगंज की CCT के प्रयासों से हादसों, मृतकों और घायलों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। बेहतर कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने संबंधित टीमों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
भोजीपुरा में हादसों में 40.54 फीसदी की कमी
01 नवंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि की तुलना पूर्व अवधि से करने पर थाना भोजीपुरा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में 40.54 प्रतिशत, दुर्घटनाओं में हुई मौतों में 62.86 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 44.29 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
भोजीपुरा क्षेत्र में समीक्षा अवधि के दौरान 2025/24 की तुलना में दुर्घटनाएं 74 से घटकर 44, मौतें 35 से घटकर 13 और घायल 70 से घटकर 39 रह गए।
देवरनियां में भी दुर्घटनाओं में 43.90 फीसदी गिरावट
थाना देवरनियां क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में 43.90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वहीं हादसों में होने वाली मौतों में 22.22 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 52.78 प्रतिशत की कमी सामने आई।
यहां दुर्घटनाओं की संख्या 41 से घटकर 23, मौतों की संख्या 18 से घटकर 14 और घायलों की संख्या 36 से घटकर 17 रह गई।
सीबीगंज में हादसे 45.24 फीसदी घटे
थाना सीबीगंज क्षेत्र में भी CCT की कार्रवाई का असर दिखाई दिया। समीक्षा अवधि में सड़क दुर्घटनाओं में 45.24 प्रतिशत, मृतकों की संख्या में 50 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 51.11 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
सीबीगंज में दुर्घटनाएं 42 से घटकर 23, मौतें 12 से घटकर छह और घायलों की संख्या 45 से घटकर 22 रह गई।
दुर्घटना संभावित स्थानों को किया गया चिन्हित
ZFD कार्यक्रम के तहत बरेली जनपद के 17 थानों में कुल 22 क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों को नामित किया गया है। इन टीमों द्वारा दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर लगातार निरोधात्मक एवं यातायात प्रबंधन संबंधी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही वाहन चालकों और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं।
पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, नियमों के पालन के लिए जागरूक करने तथा हादसों की संभावनाओं को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र
बेहतर परिणाम सामने आने के बाद SSP अनुराग आर्य ने भोजीपुरा, देवरनियां और सीबीगंज की CCT के प्रभारियों/उपनिरीक्षकों को 2,500 रुपये तथा टीम में नियुक्त मुख्य आरक्षी और आरक्षियों को 1,500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्य की सराहना भी की गई।
भोजीपुरा टीम-1 में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल सुमित शर्मा, कांस्टेबल नितिन कुमार और कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे। टीम-2 में उपनिरीक्षक प्रणव मौर्य, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल विनय कुमार और कांस्टेबल सुमित कुमार को सम्मानित किया गया।
देवरनियां CCT में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल इकरामुद्दीन, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल मो. दानिश और कांस्टेबल बिट्टू सिंह को पुरस्कार मिला।
वहीं सीबीगंज CCT में उपनिरीक्षक मोहित शर्मा, कांस्टेबल शान्ति स्वरूप, कांस्टेबल जफरयाब अली और कांस्टेबल नवनीत कुमार को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
SSP की इस पहल से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में काम कर रही पुलिस टीमों का उत्साह बढ़ा है। बरेली पुलिस का फोकस दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी है।
#BareillyPolice #SSPBareilly #AnuragArya #ZFD #ZeroFatalityDistrict #RoadSafety #TrafficPolice #Bareilly #Bhojipura #Deoranian #CBGanj #सड़कसुरक्षा #सड़कदुर्घटना #बरेलीपुलिस #पुलिससम्मान