Site icon Bhoomika Bharat News

बारा स्थित पीपा पुल पर वैगनार कार पलटी ,भारी नुकसान से राहत

बारा (गाजीपुर) बारा स्थित पीपा पुल पर सोमवार को एक वैगनआर कार पलट गई। इस हादसे में बड़ा नुकसान होने से टल गया, हालांकि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद भी छोटे और दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर पुल पार करते देखे गए।
यह बारा पीपा पुल नेशनल हाईवे 124-सी और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जोड़ता है। बारा गांव निवासी इबरार खान अपनी पत्नी हुस्नआरा खातून के साथ हज यात्रा पूरी कर मक्का-मदीना से लौटे थे। सोमवार को इबरार खान, उनकी पत्नी हुस्नआरा खातून, पुत्र इजहार खान और बहू आफरीन खातून लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अपने गांव बारा जा रहे थे। बारा स्थित पीपा पुल पर लोहे की प्लेटें तितर-बितर होने के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे गंगा में जा गिरी। हादसे के मौके पर चीख पुकार मच गई और भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर फिरोज खान, गुड्डू खान, भावी जिलापंचायत प्रत्याशी मिनहाज खान गुफरान, अरबाज खान, वकार नदीम खान इमरान खान, मकसूद खान, अकबर मास्टर सहित अन्य लोगों ने बताया कि पुल की हालत बहुत जर्जर है। ग्रामीणों के अनुसार, पुल की जर्जर स्थित के कारण वाहनों के टायर, चैंबर और टंकिया फटने जैसी समस्याएं आम है। इसके अलावा वाहनों के पलटने की घटनाएं भी अक्सर होती रहती है। लम्बी दूरी को कम करने के लिए चार पहिया वाहन चालक इसी पुल का सहारा लेते है। लेकिन कम दूरी के चक्कर में अक्सर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है लोगों ने चेतावनी दी है कियदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में बड़े जान माल के नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता। चौकी प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने पुष्टि की कि घटना में सभी लोग सुरक्षित है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

Exit mobile version