Site icon Bhoomika Bharat News

15 साल से कार्यरत रसोईया को स्कूल से हटा दिया

रिपोर्ट आरिफ खान समथर

समथर झांसी – समथर के वार्ड नंबर 7 स्थित नवीन प्राथमिक विद्यालय में रसोईया को हटाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला सरोज, पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से विद्यालय में मिड-डे मील में खाना बनाने का कार्य कर रही थी, लेकिन बीते दो माह से उसे काम से हटा दिया गया है।

महिला का आरोप है कि विद्यालय में उसे कई वर्षों से प्रताड़ित किया जा रहा था तथा दलित होने के कारण उसका शोषण किया जाता था। महिला ने बताया कि प्रधानाचार्या द्वारा कई बार पद से हटाने की धमकी दी गई। आरोप है कि प्रधानाचार्या उससे पहले अपने घर का काम करवाती थीं, इसके बाद विद्यालय में खाना बनाने के लिए भेजती थीं। साथ ही प्रधानाचार्या के बच्चों की देखरेख भी करनी पड़ती थी।

महिला का कहना है कि जब उसने प्रधानाचार्या के घर का काम करने से मना कर दिया, तो नाराज होकर उसे पद से हटा दिया गया। महिला ने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और परिवार में दो बेटियों व एक बेटे की जिम्मेदारी है। वह विद्यालय से मिलने वाली आय से परिवार का भरण-पोषण करती थी।

पीड़ित महिला ने अधिकारियों से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

नोट: यह आरोप महिला द्वारा लगाए गए हैं, प्रशासनिक पक्ष या विद्यालय प्रबंधन का बयान आना बाकी है।

Exit mobile version