Site icon Bhoomika Bharat News

ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेल (HRPC) द्वारा मंडला जिले की पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित

मंडला (मध्य प्रदेश)। Human Rights Protection Cell (HRPC) के तत्वावधान में मंडला जिले के विकासखंड बिछिया अंतर्गत ग्राम पंचायत दानीटोला, केवलारी, लपटी एवं देई में व्यापक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व HRPC महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव द्वारा किया गया। यह आयोजन डालसा (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) एवं जेंडर जस्टिस लैब स्काई सोशल के सहयोग से संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने HRPC द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं मानवाधिकार संरक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि HRPC की टीम लोक अदालत के माध्यम से आम नागरिकों को न्यायिक सहायता एवं लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम में “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान, जिला सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं, परामर्श, आश्रय एवं कानूनी सहयोग के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

सुरक्षा एवं सहायता हेतु विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई, जिनमें विधिक सेवा प्राधिकरण हेल्पलाइन 15100, राष्ट्रीय महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।

शिविर में यातायात नियमों के पालन पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित नागरिकों को हेलमेट पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, आर.सी. एवं वाहन बीमा साथ रखने की अनिवार्यता के बारे में जागरूक किया गया।

श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने कहा कि सभ्य समाज में जेंडर आधारित भेदभाव एवं महिला हिंसा का कोई स्थान नहीं है। मातृशक्ति को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए अन्याय के विरुद्ध स्वयं आवाज उठानी होगी। महिला सशक्तिकरण का मूल आधार महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं मानवाधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने यह भी कहा कि छोटे-छोटे जागरूकता शिविर समाज में बड़े सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनते हैं। जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग होंगे, तभी विकसित एवं न्यायपूर्ण भारत का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर HRPC की सक्रिय सदस्य मनिषा ठाकुर, सरोज सोनी, साधना उसराठे, साक्षी दुबे, स्काई सोशल से अजय मोदी, संबंधित पंचायतों के सरपंच एवं उपसरपंच, जनप्रतिनिधिगण, पंचायत सचिव, स्व-सहायता समूह की सदस्याएँ तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – पंकज गुप्ता

जिला – जालौन, उरई 

राज्य – उत्तर प्रदेश

चैनल – B B News India

Exit mobile version