सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत टेंगना कछार में शराब बिक्री का विरोध करना एक पत्रकार की जान पर भारी पड़ते-पड़ते रह गया। ग्राम टेंगना कछार निवासी एवं स्थानीय पत्रकार महेश्वर साहू पर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व पत्रकार महेश्वर साहू ने ग्राम आमा कछार निवासी बहादुर को अवैध रूप से शराब बेचने से मना किया था। इसी बात से नाराज़ बहादुर ने पत्रकार पर खबर प्रकाशित न करने का दबाव बनाया। इसी दौरान गांव का ही यादराम जो शराब के नशे में रास्ते पर पड़ा हुआ था
उसकी फोटो पत्रकार द्वारा ली गई थी। उक्त फोटो बहादुर को दिखाए जाने से यादराम आगबबूला हो गया।
बताया जा रहा है कि 4 जनवरी को यादराम शराब के नशे में टंगिया (कुल्हाड़ी) लेकर पत्रकार महेश्वर साहू को जान से मारने के इरादे से दौड़ा। जान बचाने के लिए पत्रकार को एक अन्य व्यक्ति के घर में छिपना पड़ा जिससे उनकी जान बच सकी।
इस गंभीर घटना की शिकायत सलिहा थाना में की गई लेकिन
आरोप है कि वहां कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की निष्क्रियता से निराश होकर पीड़ित पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सारंगढ़ में भी शिकायत दर्ज कराई है।
अब सवाल यह उठता है कि अवैध शराब बिक्री और पत्रकार पर जानलेवा हमले जैसी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस इन आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कब और क्या कार्रवाई करती है। पत्रकार संगठनों एवं क्षेत्रवासियों में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है।
