हत्या के आरोपी को 24 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार, चौपन रेलवे स्टेशन से दबोचा गया आरोपी
सिंगरौली से राजेश कुमार यादव की खास रिपोर्ट
सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री (भापुसे) के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मोरवा की सतत निगरानी व मार्गदर्शन में मोरवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फरार होकर उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में था, जिसे चौपन रेलवे स्टेशन के सामने से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2025 की दोपहर लगभग 4 बजे थाना मोरवा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सीईटीआई बस्ती निवासी एक महिला की इलाज के दौरान नेहरू अस्पताल में मृत्यु हो गई, जिसे उसके ही पड़ोसी ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किया था और इसके बाद मौके से फरार हो गया था।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोरवा ने तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। एक टीम को नेहरू अस्पताल भेजा गया, जहां शून्य में हत्या का मामला दर्ज किया गया, जबकि दूसरी टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्रित किए।
लगातार खोजबीन के बाद पुलिस को सफलता मिली और देर रात आरोपी अजय दास पिता तुलसी दास निवासी सीईटीआई बस्ती को चौपन (उ.प्र.) रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि उसे शक था कि मृतका कुसुम देवी पति अमर कुमार (उम्र 30 वर्ष) उसकी पत्नी के घर छोड़ने में शामिल थी। इसी शक के चलते उसने शब्बल से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से घटनास्थल पर प्रयुक्त शब्बल भी बरामद कर ली है।
इस सफलता में उप निरीक्षक एन.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक दयानंद सिंह, प्रआर अर्जुन सिंह, प्रआर ओंकारनाथ कुशवाहा, आरक्षक आकाश पटेल, सुरेश परस्ते, ऋषि सिंह, राकेश कुमार यादव, मनीष यादव एवं रियाज आलम की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर ₹10,000 नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
