*_केरल: कुएं में कूदी महिला को बचाने में अग्निशमन अधिकारी समेत तीन की मौत_*
*केरल से राजेश कुमार यादव की खास रिपोर्ट*
कोल्लम: नेदुवथूर में एक हृदयविदारक घटना में कुएं में कूदी एक महिला को बचाने की कोशिश में एक अग्निशमन अधिकारी और एक युवती समेत तीन लोगों की जान चली गई. यह हादसा सोमवार तड़के उस समय हुआ जब बचाव अभियान के दौरान कुएँ की दीवार ढह गई.
मृतकों की पहचान हो गई है. कुएं में कूद कर आत्महत्या करने वाली महिला की पहचान नेदुवथूर निवासी अर्चना (33) के रूप में हुई है. इसके साथ ही कोट्टाराक्कारा इकाई में कार्यरत अत्तिंगल निवासी अग्निशमन एवं बचाव अधिकारी सोनी एस. कुमार (36) और महिला की दोस्त शिवकृष्णन (22) के रूप में हुई है. तीन बच्चों की माँ अर्चना कथित तौर पर निजी समस्याओं से जूझ रही थी.
अधिकारियों के अनुसार कुआँ लगभग 80 फीट गहरा था. कोट्टाराक्कारा अग्निशमन एवं बचाव दल को घटना की सूचना लगभग 12:15 बजे मिली. घटनास्थल पर पहुँचने पर अधिकारियों को अर्चना के दो बच्चों ने रास्ता दिखाया. जिन्होंने उन्हें बताया कि उनकी माँ कुएँ में कूद गई है.
अधिकारी सोनी ने रस्सियों और बचाव उपकरणों का उपयोग करके तुरंत नीचे उतरे. हालाँकि, जैसे ही उन्होंने अर्चना को ऊपर खींचने की कोशिश की, कुएँ की दीवार ढह गई, जिससे वे दोनों और ऊपर खड़ा एक और आदमी कुएँ में गिर गए. जिला अग्निशमन अधिकारी रामकुमार ने बताया, ‘यह दुर्घटना तब हुई जब बचाव कार्य के दौरान कुएँ का किनारा ढह गया.’
सोनी को सबसे पहले बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. बचाव कार्य के दौरान किनारे पर खड़े शिवकृष्णन भी कुएँ में गिर गए और उनकी मौत हो गई. कोल्लम, कुंदारा और कोट्टाराक्कारा से तीन अग्निशमन दल इस अभियान में शामिल थे. बचाव अभियान कुएँ की गहराई और पुराने होने के कारण कई घंटों तक चला.
स्थानीय लोगों के अनुसार अर्चना एक घरेलू नर्स के रूप में काम करती थी और लगभग दो महीने से शिवकृष्णन के साथ रह रही थी. पड़ोसियों ने बताया, ‘वे अलग-थलग रहते थे और उनके निजी जीवन के बारे में अधिक जानकारी नहीं थी.’
शराब छुपाने को लेकर हुई बहस ने इस त्रासदी को जन्म दिया
प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि दोनों के बीच झगड़े के कारण महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया. एक स्थानीय निवासी ने बताया, ‘शिवकृष्णन कल रात शराब पी रहा था और अर्चना से झगड़ रहा था. उसने बची हुई शराब छुपा दी थी और गुस्से में आकर उसने उस पर हमला कर दिया. रात करीब 12:30 बजे वह कुएँ में कूद गई.’ इस दुखद घटना ने स्थानीय समुदाय को स्तब्ध कर दिया, खासकर उस बहादुर अग्निशमन अधिकारी की मौत से जिसने अपनी ड्यूटी निभाते हुए अपनी जान दे दी.
