ब्यूरो रिपोर्ट..अनुराग तिवारी
बांदा,तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 अभियान के तहत मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विजेन्द्र सिंह द्वारा डी.ए.बी.इण्टर कॉलेज में फीता काट कर तम्बाकू मुक्त युवा अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस बीच उन्होंने कहा कि अभियान 60 दिनों तक चलता रहेगा जनपद के सभी विद्यालयों, इण्टर कॉलेज व डिग्री कॉलेज के विद्यार्थी को तम्बाकू के सेवन व धूम्रपान से होने वाले कैंसर तथा अन्य कई गैर-संचारी बीमारियों व कोटपा अधिनियम-2003 के प्रति जागरूक किया जायेगा। तम्बाकू से होने वाली बीमारियों का खतरा भयावह है। तम्बाकू का हर वर्ग में बढ़ता हुआ उपयोग एक महत्वपूर्ण जन स्वास्थ्य समस्या बन गया है। भारत में प्रतिवर्ष करीब 10 लाख लोग तम्बाकू के उपयोग के कारण असमय मृत्यु का शिकार हो जाते है एवं 5500 नए युवा प्रतिदिन तम्बाकू का उपयोग प्रारम्भ करते है। आज के परिदृश्य में तम्बाकू एक ऐसी समस्या है जिस पर चौतरफा दृष्टिकोण के साथ कार्य करने से ही सकारात्मक नतीजे प्राप्त हो सकते हैं। धूम्रपान करने वाले व्यक्ति पर तम्बाकू का जितना गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है, उतना ही दुष्प्रभाव उसके आस-पास रहने वाले लोगों पर भी पड़ता है। जिसमें बुजुर्ग, बच्चे व महिलाएं शामिल हैं। तम्बाकू के उपयोग से कई घातक बीमारियां होती हैं जिसमें हृदय रोग, श्वसन रोग, मुख रोग व आहारनाल का कैंसर प्रमुखता से हैं। जिसके लिए सभी सरकारी विभागों एवं गैर सरकारी संस्थानों को समाज में आवश्यक जागरूकता फैलाने एवं तम्बाकू प्रयोग के रोकथाम लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।