Site icon Bhoomika Bharat News

अलीगढ़ में रैपिडो बाइक टैक्सी राइडर्स की हड़ताल, कंपनी की नीतियों पर उठे सवाल

संवाददाता, अलीगढ़। रैपिडो बाइक टैक्सी कंपनी की नीतियों के खिलाफ सोमवार को अलीगढ़ में राइडर्स ने हड़ताल की। मैरिस रोड पर बड़ी संख्या में राइडर्स एकत्र हुए और शांतिपूर्ण ढंग से कंपनी के विरुद्ध अपना विरोध दर्ज कराया।

हड़ताल का नेतृत्व अभिषेक सक्सैना सनातनी ने किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने हाल ही में नई इंसेंटिव स्कीम लागू की है, जिसके चलते राइडर्स पर कार्य का दबाव बढ़ा है। अब काम तीन शिफ्टों में बांट दिया गया है, राइड टार्गेट भी बढ़ा दिए गए हैं और किलोमीटर टार्गेट को जोड़कर इंसेंटिव की राशि कम कर दी गई है। इसके कारण राइडर्स की दैनिक आय मजदूरी स्तर से भी नीचे पहुंच गई है।

राइडर्स ने यह भी कहा कि कंपनी उनके लिए बेसिक सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराती। कर्मचारियों को न यूनिफॉर्म दी जाती है और न ही हेल्मेट। आपात स्थिति के लिए कोई हेल्पलाइन नहीं है, वहीं दुर्घटना बीमा, जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं भी मुफ्त में उपलब्ध नहीं कराई जातीं।

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी पूरी तरह से राइडर्स का शोषण कर रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो अगले सोमवार से सभी रैपिडो राइडर्स अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चले जाएंगे।

हड़ताल के दौरान अभिषेक सक्सैना सनातनी के साथ ललित, रोहित, सुमित, सतेन्द्र, मोनू शर्मा, पंकज, सौरभ, संदीप, शिवम, आबिद अली, मोहम्मद अदनान अली, तरुण राज, गौरव सिंह, पवन, नीरज, फैजान, विकास चौहान, गोविंद, सलमान, आर्यन, दिनेश, गौरव, हेमंत सहित बड़ी संख्या में राइडर्स मौजूद रहे।

Exit mobile version