Site icon Bhoomika Bharat News

पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 30 जून से

 

सीकर. चिकित्सा विभाग की ओर से सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 30 जून को आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिले में पांच साल तक के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जाएगी। सीएमएचओ डॉ. निर्मल सिंह ने बताया कि पहले दिन 30 जून को बूथों पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जाएगी। वहीं आगामी दो दिन वंचित रहने वाले बच्चों को घर घर जाकर बच्चों को ऑरल पोलियो वैक्सीन पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में पांच साल तक के 2 लाख 85 हजार बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य है। विभाग की ओर से अभियान के सफल संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गढ़वाल ने बताया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए 2 सदस्य वाले 2 हजार 343 बूथ बनाए जाएंगे। वहीं घर-घर भ्रमण के लिए 2 हजार 343 टीमें बनाई जाएगी। जिले में 37 ट्रांजिट बूथों पर 44 टीम लगाई जाएगी। इसके अलावा 9 मोबाइल टीम, 65 वैक्सीन डिपों, 288 सुपरवाइजर, 131 सैक्टर अधिकारी, 9 जोनल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। अभियान में 6 हजार 750 कार्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुर्वेद एवं पशुपालन विभाग का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा चिकित्सा विभाग के ब्लॉक, पीएचसी, सीएचसी स्तर पर कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर नियंत्रण कक्ष एवं पल्स पोलियो सेल स्थापित की जाएगी। जिले में अभियान के लिए जोनल अधिकारी, सैक्टर अधिकारी, मोबाइल टीमों के लिए वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

Exit mobile version