Site icon Bhoomika Bharat News

पल्स पोलियो अभियान के तहत 23 जून को ग्‍वालियर जिले में पिलाई जायेंगी जिंदगी की दो बूँद

ग्‍वालियर। पल्स पोलियो अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिये प्रचार वाहन चलाए जा रहे हैं। साथ ही लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से भी आम जनों को जागरूक किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने 23 से 25 जून तक जिले में प्रभावी ढंग से पल्स पोलियो अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रयास ऐसे हों कि जन्म से पाँच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियोरोधी खुराक से छूटने न पाए। जिले में लगभग 3 लाख 47 हजार 305 बच्चों को अभियान के दौरान पोलियो दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के राजौरिया ने शुक्रवार को हरी झण्डी दिखाकर जन जागरूकता के लिए दो प्रचार वाहन रवाना किए। यह प्रचार वाहन तंग बस्तियों तक जाकर लोगों को अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिये जागरूक करेंगे।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर के गुप्ता ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 23 जून को पोलियो बूथ पर बच्चों को जिंदगी की दो बूंद पिलाई जायेंगीं। अभियान के तहत 24 व 25 जून को घर-घर जाकर जन्म से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जायेगी। जिले में पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।

Exit mobile version