चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा
लालगंज, प्रतापगढ़। मारपीट की घटना में जानलेवा हमले को लेकर पुलिस ने चार आरोपियो के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा तोडफोड व मारपीट एवं धमकी का केस दर्ज किया है। लालगंज कोतवाली के पूरे खरगू कैथौला निवासी शिवशंकर उपाध्याय पुत्र स्व. रामगोपाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पन्द्रह जून को वह रानीगंज कैथौला बाजार से सामान खरीदकर घर जा रहा था। थोडी दूर पर ही पहले से लामबंद कलापुर गावं के प्रिन्स सिंह पुत्र बबलू व सुमित पुत्र मलखान एवं सागर तथा संदीप पुत्रगण समरजीत ने दरवाजे पर आकर गालीगलौज शुरू कर दी। पीडित ने मना किया तो आरोपी लाठी डण्डे व धारदार हथियार से हमलावर हो उठे। आरोपियों ने पीडित पर प्राणघातक हमला कर उसे गंभीर रूप से चुटहिल कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी गृहस्थी के सामान में तोडफोड करने लगे। लोगों को जुटता देख आरोपी जानलेवा धमकी देते चले गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रिंस समेत चार के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
