Site icon Bhoomika Bharat News

युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

कोरबा 01 जून। सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 पोड़ीबहार क्षेत्र में रहने वाले एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। अज्ञात कारणों से उसके द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाया गया है। क्षेत्र के लोगों की सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया पंचनामा के बाद मृतक का शव फंदे से उतारा गया। प्रकरण में आगे की जांच पुलिस की ओर से की जा रही है।

पोड़ीबहार क्षेत्र में हुई इस घटना में मृतक साहिल मेखले अपने माता पिता से अलग रहा करता था। साल भर पूर्व ही उसका विवाह हुआ था। पत्नी कुछ दिनों से अपने मायके गई हुई थी। उसकी वापसी हो पाती इस बीच पति के द्वारा गत रात्रि को अप्रिय कदम उठा लिया गया। सुबह पड़ोसियों के द्वारा दरवाजा खटखटाने पर जब भीतर से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब उन्हें शक हुआ। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सिविल लाइन रामपुर थाना की पुलिस ने मकान का दरवाजा तोड़ा। तब देखा गया कि साहिल का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। साहिल द्वारा खुदकुशी किए जाने की सूचना परिजनों को दे दी गई है,जिनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत से जुड़ा हुआ मानते हुए 174 के अंतर्गत मर्ग कायम किया है।

Exit mobile version