Site icon Bhoomika Bharat News

हरदोई में पेड़ से टकराई आर्टिका कार में लगी भीषण आग, हादसे में जिंदा जलकर पति-पत्नी की हुई मौत, पत्नी को BA का पेपर दिलाकर वापस लौट रहा था पति

रिपोर्ट अंकुल कुमार

हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के हरदोई मार्ग पर बघराई गांव के पास तेज रफ्तार अर्टिका कार का टायर फट गया। जिससे नीम के पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार में भीषण आग लग गई। हादसे में परीक्षा देकर वापस जा रहे कार सवार दंपति की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स समेत एएसपी पूर्वी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार हरदोई शहर के रद्धेपुरवा निवासी 32 वर्षीय आकाश पुत्र रामकिशोर अपनी 30 वर्षीय पत्नी कीर्ति को बीए की परीक्षा दिलाने के लिए सांडी थाना क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज में आए हुए थे। जहां परीक्षा समाप्त होने के बाद अर्टिका कार पर सवार होकर दोनों घर वापस जा रहे थे। तभी थाना क्षेत्र के हरदोई मार्ग पर बघराई गांव के पास तेज़ रफ्तार अर्टिका कार का टायर फट गया। जिससे अनियंत्रित होकर कार सड़क के किनारे खड़े नीम के पेड़ से टकरा गई। जोरदार टक्कर और भयंकर गर्मी होने से कार में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार सवार दंपति की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद पति-पत्नी ने सीट बेल्ट खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उनको बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन भीषण आग की लपटों के आगे लोग बेबस हो गए। जिससे दोनों की छटपटाहट में जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आनन-फानन में दंपति को सांडी सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर सांडी,बिलग्राम,शहर कोतवाली की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब परिजनों को इस बारे में पता चला तो उनमें कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।�

Exit mobile version