Site icon Bhoomika Bharat News

अम्बेडकरनगर: डायरिया पीड़ित पांच नए मरीज भर्ती

अंबेडकरनगर
भीषण गर्मी के बीच जिले में डायरिया का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। शुक्रवार को डायरिया से पीड़ित पांच मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इस बीच जिला अस्पताल में शुक्रवार को बड़ी संख्या में मरीज ओपीडी पहुंचे जिसमें ज्यादातर पेट की बीमारी से ग्रस्त थे।
भीषण गर्मी के बीच पेट से संबंधित रोग से लोग तेजी से ग्रस्त हो रहे हैं। शुक्रवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में इलाज के लिए दूरदराज के क्षेत्र से मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सीएमएस कार्यालय के अनुसार शुक्रवार को लगभग 1150 मरीजों की ओपीडी हुई। इसमें सबसे ज्यादा लगभग 250 मरीज पेट संबंधित समस्याओं से ग्रसित थे। इस बीच डायरिया से पीड़ित भी मरीज जिला अस्पताल पहुंचे।
तबीयत अधिक खराब होने पर सूरापुर की विद्यावती, शहजादपुर के राजेश, बसखारी के बृजेश, बेवाना के घनश्याम व टांडा की रेखा को इमरजेंसी में भर्ती कराना पड़ा। उधर मरीजों की संख्या अधिक होने के चलते पर्ची व दवा काउंटर पर मरीजों व तीमारदारों की लंबी लाइन लगी रही। इससे उन्हें गर्मी में कई प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए खानपान पर विशेष ध्यान दें। अधिक तेल मसाले वाले भोजन से परहेज करें। शरीर में पानी की कमीं न होने दें।

Exit mobile version