Site icon Bhoomika Bharat News

शहर का सघन भ्रमण कर कलेक्टर ने नाले नालियों की साफ सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

_______________________________________ उज्जैन / कलेक्टर उज्जैन श्री नीरज कुमार सिंह ने बुधवार सुबह शहर का सघन भ्रमण कर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर के प्रमुख नाले नालियों की साफ सफाई कार्य का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कुछ नालों में गंदगी और पानी के जाम होने की स्थिति पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते कहा कि बारिश को ध्यान में रखते हुए आगामी 15 दिनों में सभी प्रमुख नाले नालियों की वास्तविक रूप से सफाई की जाए। ताकि वर्षा के दौरान जल भराव की स्थिति निर्मित ना हो। साथ ही ऐसे अनाधिकृत निर्माण जिनके कारण नालों की निकासी बाधित हो रही है उन्हें भी चिन्हित कर संबंधित को नोटिस देकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

सबसे पहले कलेक्टर श्री सिंह जोन 6 अंतर्गत आदर्श नगर पहुंचे उन्होंने यहां स्थित नाले से निकासी की स्थिति देखीं। उन्होंने शिप्रा विहार का भी भ्रमण कर यहां स्थित नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को एकता नगर और लोहरपट्टी स्थित नाले में गंदगी और पानी के जाम की स्थिति मिली, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नालों की अच्छे से सफाई कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने लो लाइन एरिया डाबरी पीठा से पैदल भ्रमण कर लोहे के पुल तक जल की निकासी देखी। उन्होंने वार्ड नंबर 24 में नाले का चैंबर खुलवाकर नाले में पानी के बहाव का अवलोकन किया। उन्होंने बेगम बाग के नाले से लेकर रुद्र सागर तक भी जल निकासी का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वर्षा पूर्व नाली नालियों की व्यवस्थित ढंग से साफ सफाई किए जाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने वार्ड नंबर 23 और 24 के रहवासियों से चर्चा भी की। रहवासियों द्वारा निम्न गुणवत्ता के पानी मिलने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम के अमले को टीम भेजकर पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नगर निगम कृतिका भीमावत सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।

Exit mobile version