Site icon Bhoomika Bharat News

कम यात्री वाले रूटों पर दौड़ाईं बसें , काट दिया कंडक्टरों का वेतन 

कम यात्री वाले रूटों पर दौड़ाईं बसें , काट दिया कंडक्टरों का वेतन

 

जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या ही कम थी , उनपर बसों को चलाया गया । ऐसे में यात्री नहीं मिले और लोड फैक्टर कम हो गया । नतीजतन बस कंडक्टरों के वेतन से कटौती कर दी गई । शिकायत पर मामला उजागर हुआ और अफसरों से कटौती की रिपोर्ट तलब कर ली गई । इतना ही नहीं बस में कार्ड , रियायती पत्रों पर सफर करने वाले यात्रियों को लोड फैक्टर में जोड़ा तक नहीं गया । बस कंडक्टरों की समस्या व शिकायतों का परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक , संचालन अंकुर विकास ने संज्ञान लिया । उन्होंने लखनऊ सहित प्रदेशभर के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों एआरएम से कंडक्टरों के वेतन से की गई कटौती का ब्यौरा मांगा है । जनवरी से मई तक कितनी कटौती हुई , माहवार रिपोर्ट देनी होगी । अनुमान के अनुसार 22 हजार बस कंडक्टरों के वेतन से छह हजार रुपये तक की कटौती हुई है । हालांकि , यह रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा । इसके अतिरिक्त खास बात यह है कि बसों में निशुल्क यात्रा करने वालों को लोड फैक्टर में नहीं जोड़े जाने से भी कंडक्टर नाराज हैं ।

Exit mobile version