*जिला जनसंपर्क कार्यालय सतना*
*समाचार*
*सहायक संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी*
सतना 3 मई 2024/कलेक्टर अनुराग वर्मा ने पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग के सहायक संचालक को प्रधान महालेखाकार ग्वालियर से प्राप्त रिपोर्ट पर प्रतिवेदन तैयार किये जाने की कार्यवाही लंबित रखने और कार्यालय कलेक्टर (जनजातीय कार्य विभाग) द्वारा मांगी गई जानकारी समय-सीमा में उपलब्ध नहीं कराने पर कारण बताओ नोटिस जारी की है।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा विभाग प्रधान महालेखाकार ग्वालियर से प्राप्त ऑडिट ड्राफ्ट रिपोर्ट में ऑडिट दल द्वारा उठाई गई आपत्तियों का उत्तर सही ढंग से एवं तथ्यात्मक नहीं होने से अनियमितताओं के संबंध में कमेटी गठित कर जांच कार्यवाही कर प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाना था। इस संबंध में सहायक संचालक द्वारा आज दिनांक तक किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गई। इससे ऑडिट ड्राफ्ट रिपोर्ट का उत्तर तैयार कर अनियमितताओं के लिये जिम्मेदार संस्था/व्यक्ति के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने के लिये प्रतिवेदन तैयार करने की कार्यवाही लंबित है। इसके अलावा कार्यालय कलेक्टर (जनजातीय कार्य विभाग) द्वारा महालेखाकार ग्वालियर से प्राप्त ऑडिट ड्राफ्ट रिपोर्ट में संबंधित संस्थाओं/व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्यवाही की जानकारी मूल नस्ती सहित 3 दिवस में उपलब्ध कराने के लिये 16 अप्रैल 2024 को पत्राचार किया गया था। लेकिन आज दिनांक तक सहायक संचालक द्वारा जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। जिस पर कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग को नोटिस जारी करते हुये 3 दिवस के अंदर जानकारी सहित जवाब उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। समय-सीमा में जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
——–1
*संभागीय कमिश्नर राजस्व कार्य तथा पेयजल व्यवस्था की करेंगे समीक्षा*
*कलेक्टर कांफ्रेंस 8 मई को*
सतना 3 मई 2024/रीवा संभाग के कमिश्नर गोपालचन्द्र डाड की अध्यक्षता में 8 मई को प्रातः 11 बजे से कमिश्नर कार्यालय सभागार रीवा में कलेक्टर कांफ्रेंस आयोजित की जा रही है। इस बैठक में कमिश्नर राजस्व कार्यों तथा पेयजल व्यवस्था की जिलेवार समीक्षा करेंगे।
बैठक में प्रातः 11 बजे से प्रातः 11.30 बजे तक अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की संभागीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रातः 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक संवेदनशील विषयों पर कार्यवाही की समीक्षा की जाएगी। कमिश्नर दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक राजस्व कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे से आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में पेयजल व्यवस्था, समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, बिजली की आपूर्ति, मनरेगा योजना, गौशाला निर्माण, खनिज राजस्व वसूली तथा छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा की जाएगी। संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे।
——–2
*रेडी-टू-ट्रांसपोर्ट की प्रगति और कार्यपूर्णता स्थिति की रिपोर्ट 6 मई तक उपलब्ध करायें*
सतना 3 मई 2024/अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने निर्देशित किया है कि गोदाम स्तरीय केंद्रों पर नियुक्त अधिकारी रेडी-टू-ट्रांसपोर्ट की प्रगति और कार्यपूर्णता की स्थिति की जानकारी 6 मई को प्रातः 11 बजे तक समक्ष में उपस्थित होकर देना सुनिश्चित करें। उन्होने उर्पाजन केंद्रों के जिम्मेदार अधिकारियों से कहा है कि गोदाम स्तरीय उपार्जन केंद्रों में देखने को मिला है कि कृषकों से उपज खरीदी के बाद भंडारण के लिये रेडी-टू-ट्रांसपोर्ट नहीं किया जा रहा है। यदि रेडी-टू-ट्रांसपोर्ट तैयार है, तो हैंडलिंग चालान जारी नहीं किये जा रहें हैं। अपर कलेक्टर ने रेडी-टू-ट्रांसपोर्ट और हैंडलिंग चालान जारी नहीं करने की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिये गोदाम स्तरीय केंद्रों में नियुक्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दिनांकवार, गोदाम/समितिवार रेडी-टू-ट्रांसपोर्ट एवं हैंडलिंग चालान जारी कराना सुनिश्चित करें। ताकि ऑनलाईन परिवहन की मात्रा परिलक्षित हो सके।
——–3
*उर्वरक के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने कृषि अधिकारियों को निर्देश*
सतना 3 मई 2024/उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मनोज कश्यप ने बताया कि खरीफ फसलों के लिये जिले के सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में भंडारित है। साथ ही शासन से उर्वरक की रैक प्रदाय की जा रही है। कृषकों के हितों को ध्यान में रखते हुये जिले के सभी उर्वरक निरीक्षकों और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों को उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये हैं। उप संचालक ने बताया कि कृषि अधिकारियों और निरीक्षकों को निर्देश दिये गये हैं कि उर्वरक केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उर्वरक की भौतिक मात्रा का मिलान आईएफएमएस पोर्टल में फीड मात्रा से करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा विक्रय केंद्र पर रेट सूची और स्टॉक प्रदर्शन बोर्ड की व्यवस्था करने तथा कृषकों को निर्धारित दर पर उर्वरक का विक्रय करने प्रत्येक उर्वरक विक्रेता को निर्देशित करना भी सुनिश्चित करेंगे।
उप संचालक श्री कश्यप ने सभी उर्वरक निरीक्षकों और कृषि विकास अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि यदि किसी उर्वरक विक्रेता द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक का विक्रय किया जा रहा हो अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की जा रही हो, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे। उर्वरक वितरण में अनियमितता एवं अधिक दर पर उर्वरक विक्रय की सूचना किसी भी माध्यम से उप संचालक कृषि विकास तथा किसान कल्याण कार्यालय सतना को प्राप्त होती है, तो इसकी संपूर्ण जवाबदारी संबंधित क्षेत्र के कृषि अधिकारी की होगी।
———-4
*कक्षा-5 और 8 की पुनः परीक्षा के संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र ने जारी किये निर्देश*
*पुनः परीक्षा 3 जून से होगी प्रारंभ*
सतना 3 मई 2024/स्कूल शिक्षा विभाग ने कक्षा-5 और 8 की पुनः परीक्षा सत्र 2023-24 के लिये दिशा-निर्देश जारी किये हैं। इस संबंध में जिला कलेक्टर्स को राज्य शिक्षा केन्द्र ने पत्र लिखा है। कक्षा-5 और 8 की पुनः परीक्षा 3 जून से 8 जून के मध्य होगी। राज्य शिक्षा केन्द्र ने प्रोजेक्ट कार्य के अंकों की प्रविष्टि के संबंध में कहा है कि ऐसे परीक्षार्थी, जो अनुत्तीर्ण हो गये हों या अनुपस्थित रहे हों, उन छात्रों के प्रोजेक्ट कार्य 15 मई तक अनिवार्य रूप से पूरा कर मूल्यांकन किया जाये। इन कक्षाओं के पुनः परीक्षा केन्द्र जनशिक्षा केन्द्र पर ही निर्धारित किये जायें। छात्रों की संख्या 500 से अधिक होने पर दूसरा परीक्षा केन्द्र राज्य शिक्षा केन्द्र की अनुमति से बनाया जा सकेगा।
निर्देशों में कहा गया है कि परीक्षा केन्द्र तक परीक्षार्थियों को पहुँचाने का दायित्व संबंधित शाला प्रमुख और शिक्षकों का होगा। परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर प्राप्त किये जा सकेंगे। इस संबंध में विस्तृत जानकारी राज्य शिक्षा केन्द्र के जिला समन्वयक से भी प्राप्त की जा सकती है।
——–5
*शार्ट सर्किट को हल्के में न लें, तुरंत ठीक करवाएं*
सतना 3 मई 2024/विद्युत वितरण कंपनी ने आमजन से आगाह किया है कि घर अथवा संस्थान में कहीं भी शार्ट सर्किट होने पर उसे हल्के में न लें, बल्कि तुरंत इलेक्ट्रिशियन को बुलाकर ठीक करवाएं। ऐसे में जरा सी असावधानी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम में आमजनों का भी सहयोग जरूरी है।
कंपनी ने कहा है कि यदि घरों में अर्थिंग नहीं है तो वायरिंग के पहले अर्थिंग जरूर दें। इसके साथ ही घटिया या सस्ती वायरिंग की बजाय मानक स्तर की वायरिंग करवाएं, जिससे शार्ट सर्किट से होने वाली हानि से बचा जा सके। एक अनुमान के मुताबिक ज्यादातर शार्ट सर्किट की घटनाएं या तो घटिया वायरिंग के कारण होती हैं या फिर ज्यादा समय से पुरानी वायरिंग होने के चलते शार्ट सर्किट की घटनाएं होती हैं। इसलिए जरा सी लापरवाही महंगी पड़ सकती है। बिजली कंपनी आम उपभोक्ता को पुरानी वायरिंग की जगह मानक स्तर की नई वायरिंग करवाने की सलाह देती है, जिससे शार्ट सर्किट की घटनाओं से बचा जा सके। विद्युत लाइनों से संबंधित किसी भी तरह की शिकायत हों तो तत्काल कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर या समीप के वितरण केन्द्र कार्यालय में सूचना अवश्य दें।
विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि घरेलू विद्युत उपकरणों, वायरिंग, स्विच आदि को स्वयं सुधारने के बजाय किसी प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन की सेवाएं लें। मानव जीवन अमूल्य है। बिजली के स्विच, सॉकिट, बिजली उपकरण बच्चों की पहुंच से दूर रखें। स्वीकृत भार से अधिक लोड का उपयोग न करें। उचित क्षमता के एम.सी.सी.बी, कट-आउट लगाने के साथ ही अच्छी गुणवत्ता की वायरिंग का ही उपयोग करें। वर्ष में एक बार अपने परिसर की वायरिंग, फिटिंग, अर्थिंग अनुभवी एवं दक्ष इलेक्ट्रीशियन से अवश्य जांच कराएं, ताकि शार्ट सर्किट की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
+++++6
